मड़मानले सड़क पर जमा पानी और पड़ा मलबा। संवाद
पिथौरागढ़। शुरुआती बारिश में ही सड़कें मलबे से पटने लगी हैं और नाली निकास न होने से इनमें जमा होने वाला पानी मुश्किल खड़ी कर रहा है। मड़माले क्षेत्र को जोड़ने वाली सड़क पर मलबा जमा होने से वाहन फंस रहे हैं और गढ्डों में पानी भरने से खतरा बढ़ गया है।
नैनीपातल-मड़मानले सड़क बारिश शुरू होते ही क्षेत्र के लोगों के लिए मुसीबत का सबब बन गई है। मड़ के पास नाली निकास न होने से सड़क पर पानी जमा हो रहा है। बारिश के साथ बहकर आया मलबा जमा होने से इसमें वाहन फंस रहे हैं। बीते शनिवार बारिश के बाद मलबा जमा होने से कई वाहन फंस गए। ऐसे में यात्रियों ने धक्का देकर वाहनों को मलबे से बाहर निकाला।
वहीं सड़क पर जमा पानी घरों और दुकानों में घुस रहा है। सबकुछ जानते हुए भी लोनिवि अनजान बना हुआ है। हालात यह हैं कि लोग खुद मलबे की सफाई कर सड़क पर जमा पानी की निकासी कर रहे हैं। सड़क सुधारीकरण न होने से लोगों में खासा आक्रोश है। लोगों का कहना है कि शुरुआती बारिश में यह हाल है तो मानसूनकाल में दिक्कत और बढ़ेगी।