पिथौरागढ़। धनतेरस और दीपावली के लिए बाजार सजने लगे हैं। जीएसटी घटने से वाहन कारोबार भी उछाल मारने लगा है। अंदाजा लगाया जा सकता है कि अब तक जिले में 120 दो पहिया और 40 से अधिक चार पहिया वाहनों की एडवांस बुकिंग हो चुकी है। इसकी संख्या लगातार बढ़ रही है। कारोबारियों के मुताबिक, धनतेरस पर दो हजार से अधिक वाहनों की खरीदारी होने का अनुमान है।
धनतेरस और दीपावली में वाहनों की खरीद अधिक होती है। जिले में पिछले साल धनतेरस पर वाहनों का करीब 20 करोड़ से अधिक का कारोबार हुआ था। इस बार इनमें उछाल आने की उम्मीद है और इसके संकेत भी मिलने लगे हैं। जिले में नगर सहित अन्य हिस्सों में दोपहिया वाहनों के 16 और चारपहिया वाहनों के पांच से अधिक शोरूम हैं। कारोबारियों के मुताबिक, अब तक 120 दोपहिया जबकि 40 से अधिक चार पहिया वाहनों की बुकिंग हो चुकी है। बुकिंग लगातार बढ़ रही है। लोग स्कूटी, बाइक के साथ ही नए मॉडल और फीचर से लैस कार की बुकिंग करा रहे हैं। ऐसे में धनतेरस पर डेढ़ हजार से अधिक वाहन बिकने का अनुमान है। वाहन कारोबारियों ने भी इसकी तैयारी तेज कर दी है। शोरूम नए वाहनों से सज गए हैं। कारोबारियों ने शोरूम में ग्राहकों की मनपसंद का पूरा ध्यान रखा है।
-
जीएसटी में छूट से कीमत हुई कम
पिछले वर्ष से जीएसटी में छूट लागू होने के बाद वाहनों की कीमत में कमी आई है। कारोबारियों के मुताबिक, दोपहिया वाहनों की कीमत आठ से 10 हजार तो चार पहिया वाहनों की कीमत 20 से 80 हजार रुपये तक कम हुई है। ऐसे में लोग वाहन खरीदने में अधिक दिलचस्पी दिखा रहे हैं। बुकिंग बढ़ी तो लोगों को वाहनों के लिए इंतजार करना पड़ सकता है।
लुभा रहे हैं ऑफर
पिथौरागढ़। वाहनों की खरीद पर लोगों को ऑफर भी लुभा रहे हैं। कारोबारियों के मुताबिक, धनतेरस और दिवाली पर वाहनों की खरीद पर स्क्रैच एंड विन स्कीम के तहत लक्की ड्रा का ऑपर रखा गया है। वहीं कई कारोबारी वाहन की खरीद पर लोगों को स्क्रैच कार्ड के जरिए वॉशिंग मशीन, एलईडी जीतने का मौका भी दे रहे हैं।
बोले कारोबारी
वाहनों की अच्छी बुकिंग हो रही है। ऐसे में इस बार वाहनों की अच्छी बिक्री होने की उम्मीद है। ग्राहकों के लिए ऑफर भी उपलब्ध हैं। धनतेरस की सभी तैयारी पूरी है।
-विपिन जोशी, श्री देव होंडा, पिथौरागढ़
ग्राहकों के लिए नए मॉडल के सभी वाहन उपलब्ध हैं। ग्राहकों को ऑफर भी दिए जा रहे हैं। स्क्रैच कार्ड के माध्यम से ग्राहकों के पास वॉशिंग मशीन, एलईडी जीतने का मौका भी है।
रोहित चौहान, महादेव टीवीएस, पिथौरागढ़
धनतेरस के लिए कार सहित अन्य चारपहिया वाहनों की बुकिंग हो रही है। इस बार अच्छा कारोबार होने की उम्मीद है। धनतेरस के लिए पर्याप्त वाहनों की व्यवस्था कर ली गई है। -भाष्कर लोहनी, प्रबंधक, नैनीताल मोटर्स, पिथौरागढ़
इस बार वाहनों की अच्छी बिक्री होने की उम्मीद है। ऐसा इसलिए कि बुकिंग अच्छी मिल रही है। जीएसटी में छूट से वाहनों की कीमत घटने से लोग खरीदारी में दिलचस्पी दिखा रहे हैं जो कारोबारियों के लिए सुखद है। -कपिल पंत, केके होंडा, बेड़ीनाग