पिथौरागढ़। निमोनिया की रोकथाम के लिए एक साल तक के बच्चों को टीका लगाया जा रहा है। कैबिनेट मंत्री बिशन सिंह चुफाल ने बुधवार को जिला महिला चिकित्सालय में इस न्यूमोकोकल टीकाकरण का शुभारंभ किया।
उन्होंने कहा कि कोरोना की तीसरी लहर के मद्देनजर सरकार पूरी तरह से तैयारी कर रही है। सभी चिकित्सालयों में आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं को बढ़ाई जा रहीं हैं। विशेष तौर पर बच्चों में संक्रमण की रोकथाम के सभी चिकित्सालयों में आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रहीं हैं।
उन्होंने कहा कि नौ महीने तक के बच्चों में निमोनिया की रोकथाम के लिए न्यूमोकोकल वैक्सीन लगाई जा रही है। इससे बच्चों को संक्रमण से बचाया जा सकेगा।
सीएमओ डॉ. एचसी पंत ने कहा कि बच्चों में बैक्टीरिया से निमोनिया होता है लेकिन न्यूमोकोकल वैक्सीन के लग जाने से निमोनिया नहीं होगा।
उन्होंने कहा कि बच्चे को पहली डोज डेढ़ माह में, द्वितीय साढ़े तीन माह में और अंतिम बूस्टर डोज नौ महीने में लगाई जाएगी। उन्होंने कहा कि इस वैक्सीन के लग जाने से बच्चों को निमोनिया नहीं होगा। बच्चों में कोरोना की रोकथाम में मदद मिलेगी।
सीएमओ ने बताया कि सभी चिकित्सालयों में न्यूमोकोकल वैक्सीन की पर्याप्त डोज रखी गई हैं। इस मौके पर जिला चिकित्सालय के सीएमएस डॉ. केसी भट्ट, महिला चिकित्सालय के सीएमएस एनएस नबियाल आदि रहे।