बेड़ीनाग में अंतरराज्यीय बालिका कबड्डी प्रतियोगिता के फाइनल में जूझतीं खिलाड़ी। संवाद
बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। दो दिवसीय अंतरराज्यीय बालिका कबड्डी प्रतियोगिता के फाइनल में ऊधमसिंह नगर ने पिथौरागढ़ को 27 प्वाइंट से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया। मुकाबले में यूएस नगर टीम ने 52 और पिथौरागढ़ ने 25 प्वाइंट अर्जित किए। विजेता टीम को 25 हजार और उपविजेता टीम को 15 हजार रुपये का नकद पुरस्कार और ट्राफी प्रदान की गई। समापन सहारोह की मुख्य अतिथि ब्लाक प्रमुख संगीता चन्याल रहीं।
कबड्डी फेडरेशन ऑफ़ इंडिया और श्री नाग महोत्सव आयोजन समिति बेड़ीनाग की ओर से यह प्रतियोगिता अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज बेड़ीनाग के खेल मैदान में हुई। फाइनल मुकाबला देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। इस अवसर पर पिथौरागढ़ कबड्डी एसोसिएशन के सचिव शुभम भट्ट, कांग्रेस नगर अध्यक्ष अमित पाठक, भाजपा नेता दीपक धानिक, गोविंद खाती, मुकेश धानिक, प्रदीप कार्की, राजेश पंत, कैलाश चन्याल और प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल के गौरव उपाध्याय, सुमित कुमार, गोविंद भंडारी आदि मौजूद रहे। संवाद