जाम में फंसे संयुक्त मजिस्ट्रेट और तहसीलदार
- फोटो : अमर उजाला
लगातार वाहनों के बढ़ते दबाव और संकरी सड़कों में घंटों जाम लगना अब डीडीहाट में भी आम बात हो गई है। खासकर सबसे व्यस्त सड़क तहसील रोड पर बड़े वाहनों की आवाजाही से अक्सर जाम की नौबत आ जाती है। सोमवार को सुबह 10.30 बजे संयुक्त मजिस्ट्रेट मनुज गोयल और तहसीलदार पीसी पंत के वाहन भी काफी देर तक जाम में फंस गए।
सुबह 10.30 पर सरकारी दौरे पर निकले संयुक्त मजिस्ट्रेट मनुज गोयल और तहसीलदार पीसी पंत का वाहन तहसील रोड के मुख्य बाजार में जाम में फंस गया। संकरी सड़क पर बड़ा वाहन फंस जाने से इस रोड में करीब एक घंटे तक जाम लग गया। जब जल्दी जाम खुलने की कोई संभावना नजर नहीं आई तो मजबूरन संयुक्त मजिस्ट्रेट और तहसीलदार के वाहनों को वहीं से पीछे मोड़ना पड़ा। बाद में दोनों वाहन नर्सरी मोड़ वाली रोड से आगे को निकल पाए।
वहीं कई संगठनों ने तहसील रोड में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने की मांग प्रशासन से की हैं। सभी सरकारी कार्यालयों का रास्ता इसी मार्ग से होकर जाने के कारण इस रोड में सुबह और शाम के समय वाहनों की आवाजाही बढ़ जाती है। इस दौरान किसी भी बड़े वाहन के आने से घंटो जाम की स्थिति बन जाती है। थानाध्यक्ष जीएस सामंत ने कहा तहसील रोड और जीआईसी रोड में वनवे ट्रैफिक व्यवस्था लागू करने के लिए जल्दी ही व्यापार संघ, जनप्रतिनिधियों की बैठक बुलाई जाएगी।