पिथौरागढ़। सीमांत जिले में तैनात एकमात्र रेडियोलॉजिस्ट के अवकाश पर जाने से सरकारी अस्पतालों में अल्ट्रासाउंड बंद है। स्वास्थ्य विभाग ने अल्मोड़ा से व्यवस्था के तहत रेडियोलॉजिस्ट की मांग की गई थी। उनके शनिवार से जिला अस्पताल में मरीजों के अल्ट्रासाउंड करने की उम्मीद है। रेडियोलॉजिस्ट नहीं होने के कारण जिला अस्पताल पहुंच रहे गर्भवतियों और मरीजों को मजबूरी में प्राइवेट अस्पतालों का रुख करना पड़ रहा था।
जिलेभर के किसी भी सीएचसी और महिला अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती नहीं है। जिला अस्पताल में तैनात रेडियोलॉजिस्ट पर जिले की सभी गर्भवतियों के साथ ही अन्य मरीजों का अल्ट्रासाउंड करने की जिम्मेदारी थी। बीते मंगलवार को जिले में तैनात एकमात्र रेडियोलॉजिस्ट के अवकाश पर जाने से अस्पताल में अल्ट्रासाउंड ठप हो गए थे। रोजाना धारचूला, मुनस्यारी, बेड़ीनाग, गंगोलीहाट, कनालीछीना, मूनाकोट सहित जिले के कई हिस्सों से 50 से अधिक गर्भवतियां और अन्य मरीज अल्ट्रासाउंड के लिए जिला अस्पताल पहुंचते हैं। रेडियोलॉजिस्ट के अवकाश पर जाने से सभी को निराश होकर निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ रहा है। मरीजों को अल्ट्रासाउंड के लिए परेशानियों का सामना करना न पड़े इसके लिए विभाग ने अल्मोड़ा जिले से रेडियोलॉजिस्ट की व्यवस्था की है। रेडियोलॉजिस्ट के शनिवार को पिथौरागढ़ पहुंचने की उम्मीद है।
रेडियोलॉजिस्ट के अवकाश पर जाने से अल्ट्रासाउंड नहीं हो रहे हैं। गर्भवतियों और अन्य मरीजों को परेशानी न हो इसके लिए अल्मोड़ा से रेडियोलॉजिस्ट की व्यवस्था की गई है। पांच अप्रैल से अस्पताल में अल्ट्रासाउंड करेंगे।
- डॉ. भागीरथी गर्ब्याल, पीएमएस, जिला अस्पताल, पिथौरागढ़।