पिथौरागढ़। जिले में एकमात्र रेडियोलॉजिस्ट है। डीडीहाट, मुनस्यारी, गंगोलीहाट, बेड़ीनाग और धारचूला के अस्पतालों में अल्ट्रासाउंड मशीनें कमरों में बंद हैं। जिला मुख्यालय में तैनात रेडियोलॉजिस्ट पर जिले भर की गर्भवतियों से लेकर अन्य मरीजों का दबाव है।
जिले भर के लोगों को स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके इसके लिए डीडीहाट, मुनस्यारी, गंगोलीहाट, बेड़ीनाग में सीएचसी और धारचूला में संयुक्त अस्पताल है। अस्पतालों में करोड़ों रुपये खर्च कर अल्ट्रासाउंड मशीनें तो खरीदी हैं लेकिन रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती नहीं होने से मशीनें कमरों में बंद हैं। ऐसे में जिले भर के मरीजों की जिम्मेदारी जिला अस्पताल में तैनात एकमात्र रेडियोलॉजिस्ट पर है।
उन्हें भी महिला अस्पताल दो दिन और जिला अस्पताल में चार दिन रोस्टर वाइज अल्ट्रासाउंड करना पड़ता है। अन्य अस्पतालों में रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती नहीं होने से हर रोज लगभग 100 से अधिक गर्भवतियों और अन्य मरीजों का दबाव बना रहता है। अस्पताल में भीड़ अधिक होने से गर्भवतियों को घंटों इंतजार करना पड़ता है। संवाद
कोट:
जिले के मरीजों को स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ देने के लिए विभाग लगातार प्रयास कर रहा है। अस्पतालों में रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती निदेशालय को पत्राचार किया गया है। - डॉ. एसएस नबियाल, सीएमओ पिथौरागढ़।