चंपावत। जिले के लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र स्थित त्यौंदर बाबा मंदिर, फोर्ती के सौंदर्यीकरण के लिए मुख्यमंत्री घोषणा के तहत 20 लाख रुपये की स्वीकृति दे दी है। इससे मंदिर परिसर का विकास होगा और क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को नई दिशा मिलेगी।
लोहाघाट क्षेत्र के आस्था केंद्र त्यौंदर बाबा मंदिर को अब नया रूप मिलने जा रहा है। मुख्यमंत्री ने मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 20 लाख रुपये की घोषणा को मंजूरी दे दी है। शासन के आदेश के मुताबिक पर्यटन विभाग को आगे की जरूरी कार्रवाई करते हुए वित्तीय और प्रशासनिक स्वीकृतियां लेने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि तय प्रक्रिया के तहत काम जल्द शुरू हो सके।
इस परियोजना के तहत मंदिर परिसर को सुव्यवस्थित और आकर्षक बनाया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जरूरी बुनियादी ढांचा भी विकसित किया जाएगा, इससे दूर-दराज से आने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। मंदिर परिसर का सौंदर्य बढ़ने से क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को भी मजबूती मिलेगी।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि शासन से वित्तीय और प्रशासनिक स्वीकृतियां मिलते ही तय मानकों के अनुसार सौंदर्यीकरण का काम शुरू करा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि परियोजना पूरी होने के बाद श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और यह मंदिर धार्मिक पर्यटन के प्रमुख स्थलों में और निखर कर सामने आएगा।