झूलाघाट (पिथौरागढ़)। झूलाघाट में दो युवक साइबर ठगी का शिकार हो गए। साइबर ठग ने स्कैनर के जरिए भुगतान करने का झांसा देकर दोनों के खातों से 10 हजार रुपये उड़ा लिए। पीड़ितों ने झूलाघाट थाने में तहरीर देकर ठगी की रकम वापस दिलाने की मांग की है।
कानड़ी निवासी दीपक भट्ट पुत्र स्व. आनंद भट्ट रेत ढुलान का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि मंगलवार को उनके मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। उसने पांच पिकअप रेत जिला मुख्यालय के ऐंचोली में पहुंचाने की बात कही। ऐंचोली पहुंचने पर दीपक ने संबंधित व्यक्ति को फोन किया तो उसने खुद के मीटिंग में होने की बात कही।
इसके बाद आरोपी ने दीपक को एक स्कैनर भेजा और उसे स्कैन कर पासवर्ड डालने पर 10 हजार रुपये मिलने का झांसा दिया। दीपक ने पहली बार स्कैन कर पासवर्ड डाला तो उसके खाते में एक रुपया आया। इसके बाद दोबारा पासवर्ड डालते ही उसके खाते से आठ हजार रुपये कट गए।
दीपक ने इसे अपनी गलती समझकर कानड़ी निवासी अपने साथी मनोज धरियाल से पासवर्ड डालने को कहा। मनोज ने जैसे ही पासवर्ड डाला, उसके खाते से भी दो हजार रुपये कट गए। इसके बाद दोनों को साइबर ठगी का पता चला।
पीड़ितों ने पुलिस से साइबर ठग का पता लगाकर रकम वापस दिलाने की गुहार लगाई है। सीओ गोविंद बल्लभ जोशी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही इस संबंध में कुछ कहा जा सकेगा।