पिथौरागढ़ में दूध की पड़ताल करते खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिला मुख्यालय के साथ ही वड्डा, झूलाघाट में अभियान चलाकर दुकानों में खाद्य पदार्थों की चेकिंग की। इस दौरान बासी मिठाई और अन्य खाद्य सामग्री नष्ट कराई। साथ ही दूध के दो और दही का एक सैंपल जांच के लिए भेजा।
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी आरएस कठायत के नेतृत्व में बृहस्पतिवार को बस स्टेशन, वड्डा और झूलाघाट में 26 होटल, रेस्टोरेंट और परचून की दुकानों की चेकिंग की। कई दुकानों से ओवरडेट नमकीन, बिस्किट नष्ट कराया। कई रेस्टोरेंटों से बासी भोजन नष्ट किया गया। खुले में मिठाई, जलेबी, समोसा बेचने वालों को नोटिस जारी किया है।
कठायत ने बताया कि जिला मुख्यालय के बस स्टैंड के पास दुकानों से दूध के दो और दही का एक सैंपल लिया गया है। सैंपल को जांच के लिए रुद्रपुर लैब भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद इस मामले में कार्रवाई की जाएगी। बताया कि दुग्ध वाहनों के दूध को भी जांचा गया। अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी विपिन कुमार आदि शामिल थे।