धारचूला(पिथौरागढ़)। बरेली में युवक की हत्या के मामले में विभिन्न संगठनों की मांग पर पुलिस ने दो लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है। पुलिस के मुताबिक, मृतक की पत्नी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज हुआ है। जांच के बाद ही मामले में आवश्यक कार्रवाई होगी।
विकासखंड के रुंग गांव निवासी सुशील कुमार का बीते 15 सितंबर को बरेली में सड़क किनारे शव पड़ा मिला। क्षेत्र के लोगों के साथ ही परिजनों ने उसकी हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से उचित कार्रवाई की मांग की थी। मृतक की पत्नी लक्ष्मी देवी ने इसकी तहरीर भी पुलिस को दी। इसके बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं हुआ तो बीती रविवार रात विभिन्न संगठनों ने नगर में कैंडल मार्च निकाल हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
सोमवार को पुलिस ने सरताज खान और अंसार खान के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर किया। परिजनों के मुताबिक युवक दोनों के साथ बरेली गया था। सीओ केएस रावत ने बताया कि दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कैंडल मार्च में शिल्पकार संगठन के अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा, अशोक सिंह नबियाल, व्यापार मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र थापा, अनवाल समुदाय अध्यक्ष गुमान सिंह बिष्ट, हरीश धामी, शंकर सीपाल, दारमा विकास समिति के कोषाध्यक्ष सुरेंद्र चलाल, गौरव सेनानी संगठन के अध्यक्ष भूपाल रावल आदि शामिल रहे।