बिजली के बिल देने की मांग को लेकर अस्यारी गांव के लोग बुधवार को सड़क पर उतर आए। लोगों ने विभाग पर दो साल से बिजली के बिल न देने और लो-वोल्टेज की समस्या को दूर करने की मांग की। अनदेखी का आरोप लगाते हुए थल में बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया।
अस्याली की प्रधान हीरा देवी के नेतृत्व में सड़क में उतरे लोगों ने विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। लोगों का कहना था कि गांव के लोगों को दो साल से बिजली के बिल नहीं दिए गए हैं, अब एक साथ बिजली का बिल दिया जाएगा, जिसे गांव के गरीब लोग वहन नहीं कर पाएंगे। कहा कि समय पर बिल देने और लो वोल्टेज की समस्या को दूर करने की मांग पूरी नहीं की जा रही है।
प्रधान ने कहा कि 15 दिन पहले बिजली विभाग के एसडीओ ने 10 दिन के भीतर बिल उपलब्ध कराने के साथ ही नया ट्रांसफार्मर लगाकर लो वोल्टेज की समस्या दूर करने की बात कही थी लेकिन उस आश्वासन पर भी अधिकारी खरे नहीं उतरे। कहा कि अब भी विभाग ने दोनों समस्याओं का समाधान नहीं किया तो आंदोलन छेड़ दिया जाएगा। प्रदर्शन में पूर्व प्रधान चंद्र सिंह महरा, गोपाल सिंह सामंत, सुरेश चंद रजवार, जगदीश चंद, सीमा देवी आदि शामिल थे।