अल्टो कार दुर्घटना के घायल को स्ट्रेचर पर रखते पुलिस और फायर ब्रिगेड के जवान।
- फोटो : AMAR UJALA
बुधवार की रात जाख से पिथौरागढ़ आ रही आल्टो कार जिला मुख्यालय से पांच किमी दूर खाई में गिर गई। हादसे में कार सवार महिला समेत दो की मौके पर ही मौत हो गई। चालक समेत दो लोग घायल हो गए। मृतक महिला चालक की पत्नी है। घटना का पता बृहस्पतिवार सुबह लगा। घायल और मृतकों के शव रातभर खाई में पड़े रहे।
आपातकालीन परिचालन केंद्र और जिला अग्निशमन केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार, जाख से जिला मुख्यालय की ओर आ रही आल्टो कार (यूके/05/बी/3780) बुधवार रात साढ़े 11 बजे पीएनएफ स्कूल से 60 मीटर आगे असंतुलित होकर 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की जानकारी होने पर क्षेत्रवासियों ने बृहस्पतिवार सुबह 6:25 बजे आपातकालीन परिचालन केंद्र को सूचित किया। कोतवाली पुलिस, अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र बोहरा समेत तमाम स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। तब तक भागीरथी देवी (46) पत्नी नंदन सिंह निवासी चंद्रभागा (पिथौरागढ़), मुकेश सिंह (42) निवासी धारी क्वारबन (पिथौरागढ़) की मौके पर ही मौत हो गई। भगीरथी के पति वाहन स्वामी/चालक नंदन सिंह (51) और ऐंचोली निवासी फैज राम (17) पुत्र लच्छी राम घायलावस्था में मिले। पुलिस और अग्निशमन कर्मियों के साथ ही स्थानीय लोगों ने घायलों को खाई से निकाला और 108 वाहन से जिला अस्पताल भेजा। चालक नंदन सिंह को गंभीर चोट आई है। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी रेफर कर दिया गया। फैज को हल्की चोटें आई हैं। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिए।