धारचूला के गलाती गाड़ का जलस्तर बढ़ने से धामी गांव का संपर्क मुख्यालय से कट गया है। ग्रामीण जान जोखिम में डालकर नदी पार कर रहे हैं। गलाती जाजर में बने पुल पर नदी के रुख बदल लेने से 900 की आबादी का संपर्क धारचूला से कट गया है। मलबा से रीड़गाड़ में बंद है।
बिजली लाइन पर पेड़ गिरने से बागेश्वर के 400 गांवों की बिजली गुल
सोमेश्वर से कौसानी को जोड़ने वाली बिजली लाइन पर चनौदा के पास पेड़ गिरने से कौसानी और गरुड़ क्षेत्र के 210 गांवों की बिजली गुल हो गई है। कपकोट क्षेत्र में बिजली की लाइन में फॉल्ट आने करीब 190 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप है। सरयू, गोमती काली गोरी आदि नदियों का जलस्तर बढ़ गया है।
हल्द्वानी में सड़कों, कॉलोनियों में जलभराव, घरों में घुसा गंदा पानी
मंगलवार सुबह से रूक-रूककर हो रही बारिश से भैरवगढ़ी और जोशी विहार के करीब 40 घरों में गंदा पानी घुस गया। कालाढूंगी रोड, ऑफिसर कालोनी, नैनीताल रोड सहित कई जगह जलभराव हुआ। गौला में सिल्ट आने से पेयजल किल्लत बढ़ गई है। देर शाम जलस्तर बढ़ने से सिंचाई विभाग ने गौला के सभी गेट खोल दिए। गौला में 265 क्यूसेक पानी रिकॉर्ड किया गया। नैनीताल में हल्द्वानी-भवाली हाईवे स्थित भूमियाधार में तेज बारिश से एक घर की दीवार गिर गई। मल्लीताल रामसेवक सभा के सामने स्थित रेस्टोरेंट की छत क्षतिग्रस्त हो गई। भवाली-अल्मोड़ा एनएच पर लोहाली, भौर्या मोड़, पाडली, कैंची, काकड़ीघाट में रुक रुककर पत्थर गिरते रहे। प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टि से रामनगर में धनगढ़ी नाले में दोनों तरफ बैरियर लगा दिए हैं।