खंड शिक्षा अधिकारी के औचक निरीक्षण में विकासखंड के दो विद्यालयों में भारी अनियमितताएं पाई गई। बीईओ ने दोनों विद्यालयों के रजिस्टर और फाइलों को सीज कर दिया है। लापरवाही बरतने पर दोनों स्कूलों के शिक्षकों के खिलाफ निलंबन की संस्तुति कर दी गई है।
खंड शिक्षा अधिकारी हिमांशु श्रीवास्तव ने बताया कि बुधवार को जूनियर हाईस्कूल खोलीमाली का निरीक्षण किया गया। विद्यालय में सुबह 11 बजे तक ताले लटके हुए थे। गांववालों से पता चला कि विद्यालय दो दिनों से खुला ही नहीं था। शिक्षकों के बारे में जब जानकारी हासिल की तो पता चला कि प्रधानाचार्य के पिता का देहांत हो गया है और वह अवकाश पर चले गए हैं। सहायक अध्यापक दो दिनो से स्कूल ही नहीं आ रहे हैं। बीईओ ने तुरंत स्कूल को खुलवाया तथा व्यवस्था में एक शिक्षक की ड्यूटी लगा दी। उन्होंने उपस्थिति रजिस्टर और फाइल सीज कर दी है। ताकि उनमें कोई छेड़छाड़ न हो। बिना अवकाश के स्कूल से नदारद सहायक अध्यापक को निलंबित करने की संस्तुति कर दी गयी है। प्राथमिक पाठशाला अलकाथल के निरीक्षण में भी भारी अनियमितताएं पाई गई। बिना सूचना के प्रधानाचार्या अवकाश पर मिली। विद्यालय के सहायक अध्यापक की जनगणना ड्यूटी होने के कारण विद्यालय को आंगनबाड़ी कार्यकत्री के हवाले किया गया था। बीईओ ने बिना सूचना के अवकाश पर गए शिक्षकों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने संस्तुति कर दी है। इस कार्रवाई से स्कूल न जाने वाले और बिना सूचना के अवकाश पर रहने वाले शिक्षकों में हड़कंप मचा हुआ है।