पिथौरागढ़। जिले के क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए अच्छी खबर है। सुरेंद्र सिंह वल्दिया स्पोर्ट्स स्टेडियम में अलवर राजस्थान की मिट्टी से टर्फ विकेट का निर्माण कार्य किया जाएगा। इसके लिए नगर पालिका ने प्रस्ताव बनाना शुरू कर दिया है। टर्फ विकेट बनने से जिलेभर के क्रिकेट खिलाड़ियों को इसका लाभ मिलेगा।
सीमांत जिले में क्रिकेट की कई प्रतिभाएं हैं, लेकिन यहां अच्छे संसाधन न होने के कारण कई खिलाड़ियों को निराशा का सामना करना पड़ता है। क्रिकेट खिलाड़ियों की इस समस्या को सुलझाने के लिए पिथौरागढ़ क्रिकेट एसोसिएशन की पहल पर टर्फ विकेट बनाने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए नगर पालिका को कार्यदायी संस्था बनाया गया है।
पालिका के ईओ मनोज दास ने बताया कि संबंधित प्रस्ताव बनाने का काम शुरू कर दिया गया है। टर्फ विकेट बनाने के लिए पालिका क्रिकेट का विशेषज्ञ बुला रही है।
पिथौरागढ़ क्रिकेट एसोसिएशन की देखरेख में निर्माण कार्य किया जाएगा। इसके लिए राजस्थान के अलवर से मिट्टी मंगाई जाएगी। जिला क्रीड़ा अधिकारी संजीव पौरी ने बताया कि टर्फ विकेट के निर्माण से क्रिकेट खिलाड़ियों को काफी सुविधा मिलेगा।
बीसीसीआई की प्रस्तावित लीग का होगा आयोजन
पिथौरागढ़। स्पोर्ट्स स्टेडियम में टर्फ विकेट के निर्माण के बाद बीसीसीआई की मान्यता प्राप्त पिथौरागढ़ क्रिकेट एसोसिएशन जिला क्रिकेट लीग का आयोजन करेगी। इसमें सीनियर और अंडर-19 टीम के मुकाबले और अंडर-14 और 16 में क्रिकेट के ट्रायल कराए जाएंगे।
सीमांत में क्रिकेट की कई प्रतिभाएं हैं। हमारे खिलाड़ी मैट में क्रिकेट खेलते हैं। इस कारण उन्हें जिले से बाहर टर्फ विकेट में मैच खेलने में काफी दिक्कतें होती हैं। मैट और टर्फ विकेट में क्रिकेट खेलने का अलग अनुभव होता है। टर्फ विकेट में प्रैक्टिस की कमी का खामियाजा हमारे खिलाड़ियों को हमेशा भुगतना पड़ता है, इसीलिए पिथौरागढ़ क्रिकेट एसोसिएशन ने टर्फ विकेट के निर्माण की मांग की है। टर्फ विकेट के निर्माण प्रतिभाओं को काफी फायदा होगा।
- उमेश जोशी, सचिव, पिथौरागढ़ क्रिकेट एसोसिएशन।