पीपली (पिथौरागढ़)। एसएसबी की बीओपी निर्माण के लिए सरिया और सीमेंट लेकर अमतड़ी जा रहा कैंटर टनकपुर-जौलजीबी सड़क पर चकद्वारी के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में घायल कैंटर चालक की अस्पताल पहुंचने तक मृत्यु हो गई।
कैंटर संख्या यूके 05सीए 1169 बुधवार को नेपाल सीमा से सटे अमतड़ी में एसएसबी की बीओपी के निर्माण के लिए सरिया और सीमेंट ले जा रहा था लेकिन चकद्वारी के पास सड़क धंस जाने से कैंटर काली नदी में जा गिरा।
इसी दौरान ग्राम गौड़ीहाट निवासी कैंटर चालक राजेंद्र सिंह (46) पुत्र गोविंद सिंह कैंटर से छिटक कर झाड़ी में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलने पर स्थानीय युवाओं ने चालक को झाड़ी से निकाला। इसके बाद घायल चालक को चकद्वारी से पीपली तक पिकप में लाया गया।
जिला पंचायत सदस्य दीपिका भट्ट ने पीपली तक 108 एंबुलेंस बुलाकर ग्रामीण सुरेश सिंह के साथ घायल को जिला अस्पताल भिजवाया लेकिन जिला अस्पताल पहुंचने से पांच किमी पहले ही चालक ने दम तोड़ दिया जबकि सहकारी बैंक के निदेशक वीरेंद्र सिंह, हरीश ऐरी, महेंद्र सिंह ऐरी, लक्ष्मण सिंह, कल्याण सिंह, राजेंद्र सिंह, चंद्र सिंह ने उसे बचाने की कोशिश की।
बदहाल है सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण टनकपुर-जौलजीबी सड़क
पीपली (पिथौरागढ़)। सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण टनकपुर-जौलजीबी सड़क पूरी तरह बदहाल हैं। संकरी सड़क पर कई जगह गड्ढे होने से हमेशा दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। इसके बाद भी सड़क को ठीक करने के लिए कोई प्रयास नहीं किए जा रहे हैं।
पीपली में 108 तैनात करने की मांग
पीपली (पिथौरागढ़)। जिला पंचायत सदस्य दीपिका भट्ट ने पीपली में आपातकालीन एंबुलेंस सेवा 108 की तैनाती की मांग की है। उन्होंने कहा कि पीपली में 108 के तैनात होने से नेपाल सीमा से सटे ग्रामीणों को इसका लाभ मिलेगा। उनका कहना है कि यहां से कनालीछीना की दूरी ज्यादा है। वहां से एंबुलेंस समय पर यहां नहीं पहुंच पाती है। इससे लोग गाड़ियां बुक कराकर अस्पताल जाते हैं। एंबुलेंस आने में देरी के कारण लोगों को आए दिन परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसलिए उन्होंने पीपली में एक एंबुलेंस तैनात करने की मांग की है।