पिथौरागढ़। आर्मी स्कूल में जनरल बीसी जोशी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। एडम कमांडेंट कर्नल पीके सिंह, शिक्षा अधिकारी ले. कर्नल उषा कुमारी, ओआईसी स्कूल मेजर ललित कुमार ने उनके चित्र पर दीप जलाकर उन्हें पुष्प अर्पित किए। वक्ताओं ने उनके योगदान और शिक्षा, युवा सशक्तिकरण के प्रति उनके दृष्टिकोण को याद किया। कहा कि उन्होंने सीमांत जिले में आर्मी स्कूल की स्थापना की।
इस विद्यालय को उन्हीं के नाम से पहचान मिली है। इस दौरान शिक्षा मेले का आयोजन हुआ। कक्षा नौ से 12वीं तक के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के विभिन्न विकल्पों, व्यावसायिक पाठ्यक्रमों, प्रवेश प्रक्रिया और छात्रवृत्ति योजनाओं की जानकारी दी गई। वहीं पूर्व सैनिकों ने भी जनरल बीसी जोशी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए सीमांत जिले में उनका स्मारक बनाने की मांग की। पूर्व सैनिकों ने कहा कि जनरल बीसी जोशी केवल एक सैन्य अधिकारी नहीं बल्कि सैनिकों के सच्चे अभिभावक और अपनी जन्मभूमि के प्रति गहरी संवेदना रखने वाले कर्मयोगी थे। उन्होंने अपने कार्यकाल के अंत तक देश और सेना की सेवा करते हुए सर्वोच्च निष्ठा का उदाहरण प्रस्तुत किया। सीमांत जिले के लिए भी उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। इस मौके पर घनश्याम जोशी, सुंदर सिंह खड़ायत, रमेश सिंह महर सहित कई पूर्व सैनिक मौजूद रहे।