कारगिल विजय दिवस की 18वीं वर्षगांठ पर महाराजके पार्क स्थित युद्ध स्मारक, चंडाक मार्ग स्थित शहीद स्मारक के साथ ही विभिन्न स्थानों पर शहीदों को याद किया गया और श्रद्धांजलि दी गई।
महाराजके पार्क के युद्ध स्मारक पर सेना की एकता शक्ति बटालियन ने पुष्पांजलि समारोह का आयोजन किया। पंचशूल ब्रिगेड के डिप्टी कमांडेंट कर्नल भूपेश हाडा (शौर्य चक्र) ने कारगिल युद्ध के शहीदों को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान ब्रिगेड के अधिकारी, जवान, अवकाश प्राप्त अधिकारी, जवान और वीर नारियां मौजूद थीं। चंडाक मार्ग स्थित शहीद स्मारक पर शहीदों के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी सी रविशंकर, पालिकाध्यक्ष जगत सिंह खाती, उप जिलाधिकारी सदर संतोष कुमार पांडेय, पुलिस उपाधीक्षक शेखर सुयाल, सहायक जिला सैनिक कल्याण अधिकारी महावीर सिंह राणा, सेवानिवृत्त कर्नल आरडी जोशी, एसपी गुलेरिया के साथ ही सामाजिक संगठनों के लोगों ने श्रद्धांजलि अर्पित की। कारगिल शहीद जवाहर सिंह की पत्नी लीला देवी, शहीद किशन सिंह की पत्नी तनुजा देवी, शहीद गिरीश सामंत की पत्नी शांति सामंत और शहीद कुंडल बेलाल की मां कुंती देवी को सम्मानित किया गया।
न्यू बियरशीबा स्कूल जीआईसी लाइन शाखा में विद्यार्थियों ने भाषण और कविताओं के माध्यम से शहीदों को याद किया। स्कूल के निदेशक भुवन भाकुनी और प्रधानाचार्य मीनाक्षी बिष्ट ने शहीदों को याद किया। सरस्वती बालिका विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में भी शहीदों को याद किया गया। शहीद जगत सिंह की पत्नी गोविंदी देवी को सम्मानित किया गया। प्रधानाचार्य रेखा जोशी, विद्यालय प्रबंधन समिति की सदस्य प्रेमा उप्रेती ने सैनिकों की वीरता पर विचार रखे। शिक्षिका रंजना पंत ने ए मेरे वतन के लोगो जरा आंख में भर लो पानी गीत से माहौल भावुक बना दिया। राजकीय इंटर कॉलेज टोटानौला में प्रधानाचार्य कैलाश सिंह बसेड़ा के नेतृत्व में कारगिल दिवस मनाया गया। शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई।
बेड़ीनाग में शहीद स्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम में रिटायर्ड कैप्टन मोहन सिंह, कैप्टन दीवान सिंह, प्रकाश बोरा, जोगा राम, महेश राठौर, खीम सिंह मौजूद थे।