चंडाक रोड पर ट्रक के ऊपर गिरा पेड़
- फोटो : अमर उजाला
जीजीआईसी के पास एक कैंटर में विशाल पदम का पेड़ गिर गया। हादसे के वक्त वाहन में चालक सोया था। चालक को चोट नहीं आई। पेड़ गिरने से सुबह कई घंटे तक यातायात बाधित रहा। इस सड़क पर कई पेड़ गिरने की कगार में हैं, लेकिन आपदा प्रबंधन विभाग और लोनिवि के अधिकारी द्वारा इस पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। सड़क की ओर झुके हुए पेड़ों को काटा नहीं गया तो कभी बड़ा हादसा हो सकता है।
चंडाक सड़क पर जीजीआईसी के पास मंगलवार रात हरिद्वार से बिस्कुट लेकर आया कैंटर (यूके 08 सीए 2966) खड़ा था। वाहन में चालक राहुल कुमार सोया हुआ था। चालक राहुल ने बताया कि रात 2.15 बजे वाहन के ऊपर कुछ गिरने की जोरदार आवाज हुई, वह घबराकर वाहन से बाहर निकल आया। बाहर आने पर देखा कि एक विशाल पेड़ वाहन पर गिरा है। चालक ने रात पास में ही खड़े दूसरे कैंटर में बिताई। कैंटर की छत को हल्का नुकसान पहुंचा है। पेड़ गिरने से सड़क पूरी तरह बाधित हो गई थी। कई स्कूलों की बस भी फंसी रही। सुबह करीब 9 बजे आपदा प्रबंधन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। सड़क पर आई टहनियों को काटा। इसके बाद सड़क पर यातायात सुचारु हुआ।
आपदा प्रबंधन विभाग ने सड़क पर गिरे पेड़ को पूरी तरह मौके से नहीं हटाया। पेड़ की टहनियों को काटकर आपदा प्रबंधन की टीम मौके से चल दी। गिरा पेड़ बिजली की लाइन को छू रहा था। सुबह 10 बजे बिजली कर्मियों ने पेड़ की टहनियां काटी। लक्ष्मी नारायण मंदिर के पास से जीजीआईसी गेट तक कई पेड़ गिरने की कगार पर हैं। जो पेड़ गिरा, वह भी करीब एक साल से सड़क की ओर झुका था। इस मार्ग पर कई अन्य पेड़ भी गिरने की कगार पर हैं। समय रहते इनको नहीं काटा गया तो कभी भी हादसा हो सकता है।