कूना में भी शराब की दुकान का विरोध शुरू
गणाईगंगोली (पिथौरागढ़)। गणाईगंगोली की मिश्रित शराब की दुकान खुलवाने के लिए दुकान के अनुज्ञापी और सरकारी तंत्र ने पूरा जोर लगा दिया है। ग्वाड़ी, सिमल्ता, बनकोट के बाद अब कूना की महिलाएं भी शराब की दुकान के विरोध में खड़ी हो गई हैं।
एनएच पर होने के कारण गणाईगंगोली की दुकान किसी अन्य स्थान पर खोली जानी थी। पहले ग्वाड़ी, सिमल्ता क्षेत्र में शराब की दुकान खोलने की कोशिश की गई। वहां विरोध हुआ तो सात जून को बनकोट में शराब की दुकान खोल दी गई। महिलाओं ने शराब की दुकान पर धावा बोल दिया। आठ जून को ही बनकोट में शराब की दुकान बंद करनी पड़ी। अब गणाईगंगोली के कूना के भेटकूड़ी में शराब की दुकान के लिए टिनशेड बनाने की तैयारी की गई है।
इसकी भनक लगते ही महिलाओं और क्षेत्र के लोगों ने शराब की दुकान का विरोध शुरू कर दिया है। स्थल पर विरोध जताने पहुंचीं पुष्पा देवी, मंजू देवी, जयंती देवी, प्रकाश राम, सुरेश लाल, रमेश लाल ने कहा कि शराब की दुकान खुलने से गांव का माहौल खराब होगा। गणाईगंगोली की शराब की दुकान गांव में नहीं खोलने दी जाएगी।