पिथौरागढ़। जिला मुख्यालय समेत कई गांवों में पानी की आपूर्ति करने वाली आंवलाघाट पेयजल योजना की विद्युत लाइन पर शनिवार की शाम को एक पेड़ गिर गया। इससे योजना की आपूर्ति ठप हो गई। इसके चलते नगर के विभिन्न क्षेत्रों की 25 हजार से अधिक की आबादी पानी के लिए भी परेशान होना पड़ा। कुछ क्षेत्रों में टैंकर से पानी बांटा गया।
आंवलाघाट पंपिंग पेयजल योजना से प्रतिदिन करीब 10.50 एमएलडी पानी की आपूर्ति होती है। यह पानी पांच चरणों के बाद नगर में वितरित होता है। बताया जा रहा है कि शनिवार शाम करीब पांच बजे जमतड़ी के पास एक पेड़ काटा जा रहा था जो कि बिजली की लाइन पर गिर गया।
तार टूटने से पानी की पंपिंग नहीं हो पाई जिससे जल संस्थान के पीडब्ल्यूडी, बजेटी और नगरपालिका जोन की बड़ी आबादी को पानी की आपूर्ति नहीं हो पाई। लोगों को हैंडपंप से पानी ढोना पड़ा। इसके अलावा पांडेगांव और जीआईसी क्षेत्र में सड़क के पास रहने वाले लोगों को टैंकर से पानी बांटा गया। धर्मशाला क्षेत्र में भी पानी की आपूर्ति ठप रही।
जल संस्थान के अधिशासी अभियंता सुरेश चंद्र जोशी ने बताया कि ऊर्जा निगम की टीम ने रविवार सुबह बिजली आपूर्ति सुचारु कर दी है। तीनों जोन में पानी की आपूर्ति सुचारु होने में दो से तीन दिन का समय लग सकता है। उन्होंने बताया कि तीनों जगहों पर टैंकर से पानी की आपूर्ति की जा रही है।
बारिश नहीं होने से पेयजल स्रोतों पर पड़ा असर
पिथौरागढ़। पिछले काफी समय से बारिश नहीं होने से प्राकृतिक पेयजल स्रोतों पर असर पड़ने लगा है। जल संस्थान के अधिशासी अभियंता सुरेश जोशी ने बताया कि गुरुत्व वाली भैलाेत योजना के स्रोत में पानी काफी कम होने से आपूर्ति प्रभावित हुई है। ठुलीगाड़ योजना में भी पानी कम हो गया है। यदि जनवरी में बारिश नहीं हुई तो ग्रामीण क्षेत्रों में भी इसका बुरा असर पड़ सकता है। संवाद