पिथौरागढ़ महिला चिकित्सालय में बीमार नवजात
- फोटो : अमर उजाला
दो दिन पहले जन्मे एक शिशु को संक्रमण की शिकायत के बाद बाल रोग विशेषज्ञ ने हल्द्वानी रेफर कर दिया। धौलादेवी और लमगड़ा में एंबुलेंस उपलब्ध नहीं होने के कारण नवजात को हायर सेंटर पहुंचाने के लिए पिथौरागढ़ से 108 का इंतजाम नहीं हो सका। इससे नेपाल से यहां आया युवक इधर-उधर भटकता रहा।
नेपाल की बाजुरा जिला टमटन गांव निवासी प्रेम सिंह की पत्नी सीता देवी को पिथौरागढ़ महिला अस्पताल में प्रसव के लिए 15 अक्तूबर को भर्ती किया था। बी नेगेटिव ब्लड ग्रुप होने पर पहले गर्भवती महिला के लिए खून की व्यवस्था नहीं हो सकी। प्रेम सिंह खून के लिए इधर-उधर भटकता रहा। जानकारी मिलने के बाद रेडक्रॉस सोसायटी के वालंटियर एमसी पंत के प्रयास के बाद महिला के लिए खून की व्यवस्था हुई। सुरक्षित प्रसव हुआ तो शिशु संक्रमित निकला। इसके बाद वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ.जेएस नबियाल ने उसे एसटीएच हल्द्वानी के लिए रेफर कर दिया।
शिशु को हायर सेंटर भेजने के लिए एक बार फिर रेडक्रॉस के स्वयंसेवी एमसी पंत ने 108 में फोन कर एंबुलेंस की व्यवस्था की, लेकिन अल्मोड़ा जिले के धौलादेवी और लमगड़ा ब्लॉक में भी एंबुलेंस उपलब्ध नहीं होने के कारण यहां से 108 एंबुलेंस नहीं भेजी गई। इससे नेपाल से यहां आया दंपति परेशान हो उठा। पहले पत्नी के लिए खून के लिए तो फिर बच्चे को हॉयर सेंटर ले जाने के लिए नेपाल से यहां आया प्रेम सिंह भटकता रहा।
108 एंबुलेंस को भेजने से पहले रास्ते में शिफ्टिंग की व्यवस्था को लेकर प्रयास किए गए। धौलादेवी और लमगड़ा में एंबुलेंस की व्यवस्था नहीं हो सकी। बाद में अल्मोड़ा तक भेजने के लिए संपर्क किया गया तो अटेंडेंट ने ही मना कर दिया।
- प्रमोद भट्ट, जिला कोआर्डिनेटर 108