यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन के आह्वान पर विभिन्न मांगों को लेकर बैंक कर्मी हड़ताल पर रहे। बैंक कर्मियों की हड़ताल से जिले में 14 करोड़ रुपये से अधिक का लेनदेन प्रभावित हुआ। शनिवार को भी बैंक कर्मी हड़ताल पर रहेंगे।
जिला मुख्यालय में स्थित विभिन्न बैंकों के कर्मचारी शुक्रवार को एसबीआई मुख्य शाखा के बाहर एकत्र हुए और प्रदर्शन किया। उन्होंने विशेष भत्ता को मूल वेतन में मर्ज करने, पेंशन का अपग्रेडेशन, नई पेंशन स्कीम को रद्द करने, पारिवारिक पेंशन में बढ़ोतरी, सभी शाखाओं में एक समान कारोबार अवधि तय करने, समान काम के लिए समान वेतन देने, सेवानिवृत्ति लाभ को आयकर से मुक्त करने की मांगें उठाई।
बैंक कर्मियों का कहना था कि लंबे समय से मांगें उठाई जा रही हैं लेकिन सरकार की ओर से सकारात्मक कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। बाद में बैंक कर्मियों ने बाजार में घूमकर अन्य बैंकों को भी बंद कराया। एसबीआई ऑफिसर्स एसोसिएशन के अर्जुन सिंह बसेड़ा ने बताया कि हड़ताल से जिले में 14 करोड़ से अधिक का कारोबार प्रभावित हुआ है।
प्रदर्शन करने वालों में एसबीआई ऑफिसर्स एसोसिएशन के क्षेत्रीय सचिव बहादुर सिंह धर्मशक्तू, शाखा सचिव दिनेश चंद, हरीश रावत, विक्रम सिंह बिष्ट, सौरभ, भूपेश सिंह बृजवाल, मयंक, सुरेंद्र सिंह, बादल राय, विनोद मेहता, चेतन, विजय सिंह बिष्ट, गगन सिंह बुदियाल, हरीश गिरी, रमेश सिंह, राजेंद्र सिंह धामी, मनोज कुमार समेत कई कार्मिक मौजूद रहे।