बारहमासी सड़क पर मटेला का पास ट्राला पलटने से लगा जाम
- फोटो : अमर उजाला
पिथौरागढ़-टनकपुर बारहमासी सड़क पर शनिवार दोपहर करीब एक बजे मटेला में शहीद द्वार के पास एक मोड़ पर लोहे की मोटी पत्ती लदा 14 टायरा ट्राला का पिछला हिस्सा खाई में लटक गया। इस कारण दो घंटे तक जाम लगा रहा।
यह ट्राला घाट से पिथौरागढ़ आ रहा था। इस स्थान पर सड़क चौड़ीकरण के लिए पहाड़ी का कटान किया गया है।
मलबा गिरने से उस जगह पर सड़क संकरी हो गई है। ट्राला फंसने से दोनों ओर सैकड़ों वाहनों की कतार लग गई। सड़क चौड़ीकरण का काम कर रही कंपनी ने पोकलैंड और जेसीबी के जरिए पहाड़ी की ओर से वैकल्पिक सड़क बनाई। दो घंटे बाद तीन बजे सड़क पर यातायात बहाल हुआ।
मौके पर मौजूद पुलिस उपाधीक्षक शेखर सुयाल ने यातायात बाधित करने के मामले में ट्राला के कागजात कब्जे में ले लिए। सीओ का कहना है कि ट्राला संचालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि हाल में हाइकोर्ट ने भी पहाड़ की सड़कों पर 90 क्विंटल से अधिक भार ढोने वाले वाहनों के संचालन पर रोक लगाने के आदेश दिए हैं। ट्राला में भारी मशीनों का ढुलान किया जाता है।