दिल्ली बैंड में मलबा और बोल्डर आने से सड़क दो घंटे बंद रही।
- फोटो : PITHORAGARH
पिथौरागढ़। पिथौरागढ़-टनकपुर एनएच पर दिल्ली बैंड के पास मलबा आने से यातायात दो घंटे से अधिक समय तक बाधित रहा। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों ने रोज-रोज लगनेे वाले जाम से निजात दिलाने की मांग की है।
मंगलवार को दिल्ली बैंड के पास मलबा आने से राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हो गया। एनएच बंद होने से लंबी दूरी पर जाने वाले सैकड़ों वाहनों की कतार लग गई।
मलबा और बोल्डर अधिक होने के कारण कार्यदायी संस्था को सड़क खोलने में काफी परेशानी झेलनी पड़ी। यात्रियों का कहना है कि कभी गुरना में तो कभी दिल्ली बैंड में मलबा आने से एनएच बंद हो रहा है। एनएच के बंद होने से देहरादून, हल्द्वानी, अल्मोड़ा, टनकपुर सहित कई अन्य स्थानों को जाने वाले वाहन फंस रहे हैं।
एनएच में धूल के उड़ते गुबारों से भी लोग परेशान हैं। लोगों ने एनएच पर जिन स्थानों पर कटिंग का काम चल रहा है वहां पर धूल की समस्या का समाधान करने के लिए नियमित पानी का छिड़काव करने की मांग की है।