पिथौरागढ़। सिमलगैर की यातायात व्यवस्था एक बार फिर पूरी तरह बेलगाम हो चुकी हैं। ड्यूटी में तैनात सिपाही कोतवाली से निकल तो आते हैं लेकिन यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए ड्यूटी में नहीं पहुंचते। सिमलगैर के व्यापारी कई बार पुलिस क्षेत्राधिकारी शेखर सुयाल से शिकायत भी कर चुके हैं। कुछ दिन तक पुलिस क्षेत्राधिकारी के आदेश पर व्यवस्था में सुधार आया था लेकिन अब फिर स्थिति बिगड़ने लगी है।
सोमवार को सुबह जैसे ही सिमलगैर का बाजार और स्टेट बैंक की शाखा खुली तो बाजार में जाम लगने लगा। सिमलगैर बाजार में 120 दुकानों के अलावा 20 लोगों के घरेलू आवास, स्टेट बैंक, ग्रामीण बैंक की शाखाएं हैं। इन सभी लोगों के निजी वाहन प्रतिदिन बाजार में खड़े होते हैं और हमेशा ही भीड़भाड़ रहती है।
इसको देखते हुए यह नियम बनाया गया था कि सुबह 9 बजे से सायं 6 बजे तक सिमलगैर बाजार में कोई भी वाहन प्रवेश नहीं करेगा। सिर्फ सिमलगैर बाजार के व्यापारियों, बैंक, कार्यालयों के कर्मचारियों के वाहनों को जाने की ही अनुमति दी गई थी। सोमवार को भीड़ ज्यादा होने के बावजूद सिमलगैर में वाहनों के प्रवेश को रोकने के लिए ना ही बैरियर बंद किया गया था और ना ही पुलिस का कोई कर्मचारी वहां पर तैनात था। पुलिस क्षेत्राधिकारी का कहना है कि अब सिमलगैर की यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए वह खुद ही प्रयास करेंगे। पुलिसकर्मियों की ड्यूटी तय की जाएगी।