झूलाघाट सड़क में मरम्मत का काम चार माह से पूरा नहीं हो पाया है जिस कारण जाम लग रहा है।
- फोटो : PITHORAGARH
पिथौरागढ़। नगर क्षेत्र में यातायात व्यवस्था नहीं सुधर सकी है। वहीं झूलाघाट सड़क पर चार माह से जारी सड़क मरम्मत कार्य के कारण कई बार जाम लग रहा है। इससे स्थानीय व्यापारियों और पैदल आवाजाही करने वाले लोगों को दिक्कत हो रही है।
सोमवार को गंगा निवास, सिल्थाम, जाजरदेवल, केएमओयू स्टेशन, कुमौड़, टनकपुर रोड सहित कई हिस्सों में रुक-रुक कर जाम लगता रहा। इससे पैदल आवाजाही करने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लोगों का कहना है कि नगर क्षेत्र में आए दिन लग रहे जाम से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इधर पिथौरागढ़-झूलाघाट सड़क पर चार माह से सड़क मरम्मत का कार्य किया जा रहा है। मरम्मत का कार्य धीमी गति से होने के कारण कई बार जाम की स्थिति पैदा हो रही है। स्थानीय व्यापारियों ने सड़क मरम्मत का कार्य तेजी से पूरा करने की मांग की है।