पिथौरागढ़। बंगापानी तहसील के ग्राम पंचायत जारा जिबली को जोड़ने वाली सड़क बारिश होने से क्षतिग्रस्त हो गई है। इससे लगभग दो हजार की आबादी को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। 19 किलोमीटर लंबी यह सड़क 50 से अधिक जगहों पर गड्ढों में तब्दील हो गई है। स्थानीय लोगों ने शासन-प्रशासन से सड़क को ठीक कराने की मांग की है।
तहसील बंगापानी के ग्राम पंचायत जारा जिबली की ओर जाने वाली सड़क कई जगहों पर खस्ताहाल हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि बीते वर्ष मानसून काल में बारिश से 19 किलोमीटर की सड़क देवीधार, खड़िगाड़, हरमट्ययाधार, हुमकट्टिया, गड्डार सहित 50 से अधिक जगहों पर गड्ढों में तब्दील हो गई थी। तब सड़क पर आए मलबे को तो हटाया गया, लेकिन कई जगहों पर नालियां बंद हो गई थीं। इसकी जानकारी संबंधित विभाग को देने के बाद भी कोई कार्यवाही नहीं हो सकी।
बीते कुछ दिनों से रोज रात में हो रही भारी बारिश से सड़क इस बार भी क्षतिग्रस्त हो गई है। नालियां बंद होने से सड़क को ज्यादा नुकसान हो रहा है। बारिश का पानी सड़क पर लगातार बहने से स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राओं के साथ ही ग्रामीणों को परेशानियों को सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण संजीव बिष्ट, जयंती देवी, रूप सिंह और रमेश धामी ने बताया कि गांव तक सड़क बने चार साल का समय हो चुका है। ठेकेदारों की लापरवाही के कारण सड़क खराब हो गई है।
जान जोखिम में डालकर चलाए जा रहे वाहन
रमेश धामी ने बताया कि बदहाल सड़क पर वाहन चालक रोजाना जान जोखिम में डालकर 19 किलोमीटर की दूरी तय करते हैं। प्रतिदिन करीब 700 से 800 लोग आवाजाही करते हैं। सड़क पर बने गड्ढों के कारण वाहनों के रपटने और पलटने का भय बना रहता है। बरसात के दिनों में कई स्थानों पर ग्रामीणों को वाहन से उतरकर पैदल चलना पड़ रहा है।
कोट
बारिश के कारण बंगापानी जारा जिबली सड़क के कई जगहों पर क्षतिग्रस्त होने की सूचना है। ग्रामीणों को परेशानियों का सामना न करना पड़े इसके लिए जल्द मशीन को भेजकर मलबे को हटाया जाएगा।- किशन सिंह, पीएमजीएसवाई धारचूला