मौसम विभाग ने रविवार से मौसम फिर से खराब होने का संकेत दिया है। मौसम विभाग के निदेशक डा. आनंद शर्मा ने बताया कि 2500 मीटर की ऊंचाई वाले इलाकों में 10 सेंटीमीटर तक बर्फ गिर सकती है। शनिवार को यहां के तापमान में थोड़ा सुधार आया और न्यूनतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस पर आ गया, जबकि अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस पर चल रहा है।
डा. आनंद शर्मा ने बताया कि रविवार से मौसम में तब्दीली आने लगेगी। उसके बाद सोमवार से अगले 48 घंटे तक निचले इलाकों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात होगा। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी डा. आरएस राणा ने बताया कि उच्च हिमालयी क्षेत्रों में तैनात एसएसबी और आईटीबीपी के लिए अलर्ट जारी कर दिया गया है। इधर नैनीताल में शनिवार को अधिकतम तापमान 11.0 डिग्री और न्यूनतम तापमान 4.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इधर, तराई-भाबर में शनिवार की सुबह से ही खिली धूप ने ठंड से राहत दिलाई। तराई में शनिवार को अधिकतम तापमान 19.5 तथा न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री सेल्सियस रहा। पंत विवि के मौसम वैज्ञानिक डा.एचएस कुशवाहा ने तराई भाबर में मौसम साफ एवं शुष्क रहने के संकेत दिए है।