बनकोट शरदोत्सव में कार्यक्रम पेश करते कलाकार।
- फोटो : अमर उजाला
बनकोट शरदोत्सव में कार्यक्रमों की धूम मची है। मंगलवार की रात कई कलाकारों ने रंगारंग कार्यक्रम पेश किए। गायिका दीपिका राज ने लोकप्रिय गीत-आज का दिना तु होली घर पना, ओ याद आली मै कणि त्यार बिना.. प्रस्तुत किया तो दर्शक झूमने लगे। पिथौरागढ़ की मां शारदा सांस्कृतिक टीम ने-जय भोला, जय भगवती नंदा तू दैण है जाये गीत पेश कर माहौल को भक्तिमय बना दिया।
सांस्कृतिक संध्या में मुख्य अतिथि परमानंद पुनेठा थे। उन्होंने कहा कि बनकोट शरदोत्सव की परंपरा को शुरू कर क्षेत्र के लोगों ने मिसाल कायम की है। इस परंपरा को निरंतर जारी रखा जाए और इसमें नई पीढ़ी की भागीदारी तय की जाए। देर रात आयोजित इस कार्यक्रम में लोकगायक कल्याण बोरा, हरीश धपोला, देवेंद्र खुन्नू ने कई गीत पेश किए। लोकगायक अमित गोस्वामी ने घुघुति नि बासा, आम की डालि में घुघुति नि बासा गीत पेश कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरी। महोत्सव के अंतर्गत दिन में स्कूली बच्चों के कार्यक्रम हुए। कार्यक्रम में स्थानीय स्कूलों के बच्चों को कार्यक्रम प्रस्तुत करने के लिए अधिक समय दिया जा रहा है।
शरदोत्सव समिति के संरक्षक चंचल सिंह बनकोटी ने कहा कि आम लोगों के सहयोग से ही इतना बड़ा आयोजन संभव हो पाया है। राजेंद्र बनकोटी, जवाहर सिंह बनकोटी, उमेद सिंह बनकोटी समेत अन्य लोग व्यवस्था बनाने में जुटे हैं। रात के समय कार्यक्रम देखने के लिए लोगों की काफी भीड़ उमड़ रही है। आसपास के गांवों के लोग भी कार्यक्रम देखने पहुंच रहे हैं।