नैनीसैनी ग्रामीण विकास समिति ने हवाई पट्टी के विस्तार के काम में घटिया निर्माण सामग्री का प्रयोग करने का आरोप लगाते हुए जिला मुख्यालय में प्रदर्शन किया। प्रधानमंत्री, केंद्रीय उड्डयन मंत्री, राज्यपाल, मुख्यमंत्री को भेजे ज्ञापन में निर्माण कार्यों की जांच कराने की मांग की है।
संगठन के अध्यक्ष रमेश कसनियाल, सांसद प्रतिनिधि गणेश भंडारी, भाजपा जिला महामंत्री ललित पंत, राजेंद्र सिंह थापा, चंचल सिंह भंडारी, गोविंद सिंह महर, भाजपा सैन्य प्रकोष्ठ के अध्यक्ष राम सिंह बिष्ट, विनोद देवलाल, किसान मोर्चा के जिला महामंत्री गिरीश जोशी, नगर अध्यक्ष नरेंद्र रौतेला, कृष्ण चंद, विमल पंत, ललित अधिकारी समेत तमाम लोगों ने प्रधानमंत्री और अन्य को भेजे ज्ञापन में कहा है कि हवाई पट्टी के लिए कई बार जमीन अधिग्रहति की ली गई। इस बार फिर हवाई पट्टी विस्तारीकरण के लिए लोगों की जमीन अधिग्रहित कर ली गई। पृथक से रास्ता देने के साथ ही विकास के तमाम कार्य करने, प्रभावितों को रोजगार देने के वायदे किए गए थे लेकिन एक भी वायदा पूरा नहीं हुआ। घटिया निर्माण कार्य के कारण निर्माण कार्य टिकाऊ नहीं रह पाएंगे। कहा कि निर्माण कार्यों की जांच नहीं होती है और किसानों के साथ किए गए वायदे पूरे नहीं होते हैं तो हवाई पट्टी में विमानों की ट्रायल लैंडिंग नहीं होने दी जाएगी।