मदकोट-चुलकोट सड़क पर दीवार तुड़वाते पीएमजीएसवाई के अधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
मदकोट से चुलकोट तक प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत बन रही सड़क की गुणवत्ता पर उठ रहे सवालों के बाद बृहस्पतिवार को अधिकारियों ने सड़क का निरीक्षण किया और गलत तरीके से बनाई गई सड़क की तीन दीवारों को तुड़वा दिया। ठेकेदार से कहा गया है कि इन दीवारों का निर्माण फिर से मानक के हिसाब से किया जाए।
मदकोट-चुलकोट सड़क के घटिया निर्माण को लेकर क्षेत्र के लोग लगातार आवाज उठा रहे हैं। लोगों का आरोप है कि मानक के हिसाब से चौड़ा किए बिना ही सड़क पर दीवार लगा दी गई हैं। कई स्थानों पर तो सड़क का निर्माण इतने घटिया तरीके से किया गया है कि उसमें वाहनों का संचालन संभव ही नहीं है। सड़क की गुणवत्ता के खिलाफ एनएसयूआई के ब्लॉक अध्यक्ष विक्रम दानू और प्रधान कुंवर सिंह ने बृहस्पतिवार से आमरण अनशन पर बैठने की धमकी दी थी। उनकी इस धमकी से विभाग में खलबली मच गई।
बृहस्पतिवार सुबह पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता प्रवीण कर्णवाल और अवर अभियंता कैलाश चंद्र ने यहां पहुंचकर पूरी सड़क का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने गालादीब के पास दो दीवारें और भटकुड़ा के पास एक दीवार को ध्वस्त करा दिया। ईई ने कहा कि सड़क को मानक के अनुसार चौड़ा किए बगैर दीवार लगा दी गई थी। इससे सड़क की चौड़ाई कम हो गई। उन्होंने कहा कि सड़क पर मानकों की अनदेखी नहीं होने दी जाएगी और जहां-जहां पर भी गलती पकड़ में आएगी, उसे ठीक किया जाएगा। वहीं, अधिकारियों के इस कदम के बाद ग्रामीणों ने एक महीने तक आंदोलन स्थगित कर दिया है। कहा कि यदि एक महीने के भीतर सड़क निर्माण में मौजूद कमियों को दूर नहीं किया गया तो फिर से आंदोलन किया जाएगा।