चंपावत। लोहाघाट डिपो की तीन बसें पुर्जों की कमी के कारण बृहस्पतिवार से कार्यशाला में खड़ी हैं। इससे पोंटा साहिब, ऋषिकेश और बरेली मार्ग पर यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। डिपो के पास अब केवल 27 बसें ही बची हैं जिससे कई मार्गों पर संचालन प्रभावित है।
यूके 07 पीए 4218 बस लोहाघाट-पोंटा साहिब मार्ग पर चलती है। यूके 07 पीए 4184 बस लोहाघाट-ऋषिकेश मार्ग पर संचालित होती है। तीसरी बस यूके 07 पीए 4304 लोहाघाट-बरेली मार्ग पर चलती है। डिपो वर्तमान में जिन बसों का संचालन कर रहा है। इनमें से कई बसें निर्धारित मानक पूरे कर चुकी हैं। इन बसों के संचालन से चालकों, परिचालकों और यात्रियों को भी परेशानी हो रही है।
कनिष्ठ केंद्र प्रभारी जगदीश नारायण ने बताया कि खराबी आने के बाद तीनों बसें संचालन से बाहर हो गई हैं। उन्हें कार्यशाला में खड़ा किया गया है। पुर्जों की मांग के लिए मुख्यालय कार्यालय देहरादून को पत्र भेजा गया है।
बेड़े में बसों की कमी
जून 2025 तक लोहाघाट डिपो के पास 34 बसें थीं। वर्तमान में मानक पूरा कर चुकी सात बसों को टनकपुर डिपो में जमा कर दिया गया है। बसों की संख्या में यह कमी यात्रियों के लिए समस्या बन गई है।
नई बसों की दरकार
बंद पड़े मार्गों पर बसों का संचालन फिर से शुरू करने के लिए डिपो को नई बसों की आवश्यकता है। डिपो को कुल 14 नई बसों की दरकार है। इन बसों के आने से ही यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल पाएगी। बसों की कमी से कई महत्वपूर्ण मार्ग प्रभावित हो रहे हैं।
.........
डिपो से अलग-अलग रूटों पर 27 बसों का संचालन किया जा रहा है। तीन बसें ऑफरूट हुई हैं। इनके स्पेयर पार्ट्स मंगाए गए हैं। पार्ट्स उपलब्ध होते ही बसों की मरम्मत कर जल्द ही उन्हें ऑनरूट कर दिया जाएगा।
-धीरज वर्मा, एआरएम, लोहाघाट