होकरा देवी मंदिर में लगे मेले में उमड़ी लोगों की भीड़
- फोटो : अमर उजाला
होकरा देवी मंदिर में महाष्टमी पर्व पर हजारों श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। बागेश्वर, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा और नैनीताल जिले से आए भक्तों ने भी मां के दर्शन किए। मंदिर के पुजारी भगवती प्रसाद द्विवेदी ने बताया कि यह मेला ग्राम पंचायत होकरा, गौला और खोयम ग्राम पंचायत का बहुत बड़ा मेला है। इन ग्राम पंचायतों के लोग एक दिन पहले ही मंदिर में मां का जागरण करते हैं। अगले दिन सुबह स्नान कर मां के दर्शन करते हैं। उन्होंने बताया कि आज के दिन सच्चे मन से पूजा-पाठ करने से मां भक्तों की मुरादें पूरी करती हैं।
होकरा मंदिर कमेटी के अध्यक्ष दौलत सिंह मेहता ने बताया कि होकरा प्रकृति की देवी है। मां के आशीर्वाद से होकरा ग्राम पंचायत में जैव विविधता बहुतायत में है। प्रकृति के साथ खिलवाड़ करने वालों को मां सजा भी देती है। मंदिर कमेटी की ओर से आयोजित होकरा मेले में जलेबी, गुब्बारे, फलों, कपड़ों आदि की दुकान लगी हुई थी। मेले में स्थानीय और बाहर से आए व्यापारियों के उत्पादों की जमकर खरीदारी हुई। पुलिस प्रशासन की ओर से मेले में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। भारी भीड़ होने से होकरा जाने वाली सड़क पर कई बार जाम लग गया।