पूर्णागिरि/टनकपुर (चंपावत)। शारदीय नवरात्र के पांचवें दिन उत्तर भारत के प्रमुख शक्तिपीठ मां पूर्णागिरि धाम में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। हजारों की संख्या में पहुंचे भक्तों ने मां के दरबार में शीश नवाकर मन्नतें मांगी जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर में 24 घंटे दर्शन की व्यवस्था की गई है।
बृहस्पतिवार को पंचमी के अवसर पर टनकपुर रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर भारी भीड़ नजर आई। ट्रेनें और रोडवेज बसें श्रद्धालुओं से खचाखच भरी पहुंचीं। रेलवे स्टेशन मां के जयकारों से गूंज उठा। निजी वाहनों से भी बड़ी संख्या में भक्त भैरव मंदिर, ठूलीगाड़ और बूम पहुंचे।
भैरव मंदिर से लेकर मुख्य मंदिर तक पैदल जत्थों की लंबी कतारें लगी रहीं। मंदिर समिति के अध्यक्ष किशन तिवारी ने बताया कि सुबह के समय अधिक भीड़ रही। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की ओर से कड़े प्रबंध किए गए हैं।