कनालीछीना पोस्टआफिस में तालाबंदी के बाद प्रदर्शन करते लोग
- फोटो : अमर उजाला
इंटरनेट की धीमी रफ्तार से पोस्टआफिस में खाते नहीं खुल पा रहे है। इससे नाराज व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने पोस्टआफिस में तालाबंदी कर दी। एक सप्ताह के भीतर व्यवस्थाओं में सुधार नहीं होने पर अनिश्चितकालीन तालाबंदी करने की चेतावनी दी है।
व्यापार संघ अध्यक्ष राजेश सिरोला के नेतृत्व में बृहस्पतिवार सुबह दस बजे व्यापारी और स्थानीय लोग पोस्टआफिस पहुंचे। इसके बाद मुख्य गेट पर तालाबंदी कर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि कनालीछीना पोस्टआफिस में एक साल से खाते नहीं खुल पा रहे हैं। कई बार अधिकारियों से कहने के बावजूद व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हो पा रहा है। लोगों को खाते खोलने के लिए जिला मुख्यालय जाना पड़ रहा है।
आम जनता को जहां परेशानी उठानी पड़ रही है, वहीं डाक विभाग को भी नुकसान हो रहा है। बृहस्पतिवार को तालाबंदी के कारण लगभग दो घंटे तक कामकाज ठप रहा। तालाबंदी और प्रदर्शन करने वालों में कैलाश कापड़ी, रमेश पांडे, वंदना दिगारी, गोविंद सिंह, नितिन भंडारी, दीपक उपाध्याय, रतन राम, भूपेंद्र सिंह, रवींद्र पोखरिया, हरीश पोखरिया आदि शामिल थे।
इंटरनेट की धीमी गति के कारण खाते नहीं खुल पा रहे हैं। उच्चाधिकारियों को स्थिति से अवगत कराया गया है।
-नवीन पांडेय, पोस्टमास्टर, कनालीछीना पोस्टआफिस