प्रशासन चंडाक मार्ग पर मलबा या कचरा डालने वालों पर केस किया जाएगा। मलबा डालते पाए गए वाहनों के साथ ही निर्माण करा रहे भवन स्वामियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
पिछले कुछ समय से चंडाक मार्ग पर वाहनों के जरिये मलबा ठिकाने लगाया जा रहा है। अतिक्रमणकारी सड़क किनारे मलबा फेंक रहे हैं। इससे सड़क संकरी हो रही है। साथ ही सड़क किनारे पेड़-पौधों को भी नुकसान पहुंच रहा है। बता दें कि अवैधानिक मलबा डंपिंग स्थल के पास ही केएमवीएन का विश्राम गृह है। चंडाक खुद एक पर्यटन स्थल है। इसी मार्ग से पर्यटक चंडाक पहुंचते हैं। सड़क पर मलबा डालने से पर्यटकों को भी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही सड़क से नीचे बसे पुनेड़ी गांव को भी खतरा है।
एसडीएम संतोष पांडेय ने बताया कि सड़क किनारे मलबा डालने वालों के खिलाफ सीआरपीसी की धारा 133 के तहत केस किया जाएगा। इसके तहत आरोपियों को जुर्माने के साथ ही जेल की सजा भी काटनी पड़ सकती है। उन्होंने बताया कि पुलिस को मार्ग पर गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।