पिथौरागढ़ में आयोजित तहसील दिवस में लोगों की समस्या सुनते कैबिनेट मंत्री प्रकाश पंत
- फोटो : अमर उजाला
माह के पहले मंगलवार को तहसील मुख्यालयों में लगने वाले तहसील दिवसों की शुरुआत पिथौरागढ़ तहसील से हो गई है। तहसील दिवस में वित्त मंत्री प्रकाश पंत ने शिरकत की। तहसील दिवस में कुल 58 समस्याएं दर्ज हुईं। इसमें से मात्र एक का मौके पर निस्तारण किया गया। 57 समस्याएं निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को भेजी गई।
वित्त मंत्री पंत ने कहा कि महीने के पहले मंगलवार को तहसील दिवस का आयोजन तहसील मुख्यालय में क्रमवार किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि महीने के पहले मंगलवार को कोई भी अन्य बैठक आयोजित नहीं की जाएगी। मंत्री ने कहा जितनी भी समस्याएं, शिकायतें तहसील दिवसों में प्राप्त होती हैं, उनका निस्तारण अगले तहसील दिवस तक हो जाना चाहिए। उन्होंने प्रभारी जिलाधिकारी आशीष कुमार चौहान को प्रत्येक ग्राम पंचायत में एक-एक नोडल अधिकारी नामित करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने कहा वर्ष 2019 तक सभी गांव बिजली से जुड़ जाएंगे। वर्ष 2022 तक सभी लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास आवंटित हो जाएंगे। नगर पालिकाध्यक्ष जगत सिंह खाती, पूर्व दर्जा मंत्री महेंद्र सिंह लुंठी ने विचार रखे। तहसील दिवस में चंद्रभागा वार्ड के सभासद भुवन जोशी ने ऐंचोली से चंद्रभागा पुल तक सड़क के किनारे एनएच से पक्की नालियों का निर्माण कराने, नेहरू पार्क के सामने से खतरा बने ट्रांसफार्मर हटाने की मांग उठाई।