मुख्यालय से सटे चंडाक के जंगल में शुक्रवार की दोपहर आग भड़क गई। आग ने एक हेक्टेयर क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया। वन विभाग के कर्मचारियों ने बड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया।
शुक्रवार दोपहर पिथौरागढ़ वन रेंज के चंडाक क्षेत्र से सटे जंगल में आग लगने की सूचना मिली। जंगल में जगह-जगह पिरूल का ढेर पसरा था। पिरूल ने आग पकड़ी और देखते ही देखते बड़े क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया। एसडीएम संतोष पांडेय की सूचना पर वन विभाग हरकत में आया। मौके पर पहुंचे वनकर्मियों ने फायर लाइन काटकर आग को फैलने से रोका। घंटों की मशक्कत के बाद शाम को आग पर काबू पाया गया। रेंजर दिनेश चंद्र जोशी ने शरारती तत्वों द्वारा आग लगाने की आशंका जताई है। हालांकि वन कर्मियों की जंगल में गश्त के दौरान कोई भी पकड़ में नहीं आया।
बता दें कि 15 फरवरी से फायर सीजन शुरू हो चुका है। इसके तहत वनाग्नि रोकथाम के उपाय किए जाने हैं। इनमें से जंगलों से पिरूल की सफाई अहम है, लेकिन वन विभाग ने एक माह बाद भी जंगल से पिरूल हटाने की जहमत नहीं उठाई। रेंजर का कहना है कि जंगल में फायर सीजन के तहत कर्मियों की ड्यूटी लगाई है। लापरवाही मिलने पर संबंधित कर्मियों पर कार्रवाई की जाएगी।