डीडीहाट (पिथौरागढ़) । सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डीडीहाट में पिछले पंद्रह साल से विशेषज्ञ चिकित्सक नहीं हैं। बाल रोग विशेषज्ञ और स्त्री रोग विशेषज्ञ के नहीं होने से सबसे अधिक परेशानी होती है। इलाज के लिए यहां से 55 किमी दूर जिला अस्पताल पहुंचना पड़ता है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बाल रोग और स्त्री रोग विशेषज्ञ के पद भी स्वीकृत हैं। इसके बावजूद इस अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सक नहीं हैं। सीएचसी में 15 साल से बाल रोग और महिला रोग विशेषज्ञ की तैनाती नहीं हुई है। 15 साल पहले डीडीहाट में तैनात बाल रोग विशेषज्ञ का स्थानांतरण हरिद्वार हो गया था। उसके बाद से यहां बाल रोग विशेषज्ञ की तैनाती नहीं हुई है। नवजात शिशु से लेकर दस साल तक के बच्चों को जांच और इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाना पड़ता है।
अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ भी नहीं है। कई बार जटिल प्रसव के मामलों में महिला को जिला अस्पताल रेफर करना पड़ता है। ऐसे में प्रसव पीड़िता और तीमारदारों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कई बार प्रसव पीड़िताएं एंबुलेंस में ही शिशुओं को जन्म दे देती हैं। डीडीहाट यूथ सोसाइटी ने स्वास्थ्य विभाग से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बाल रोग विशेषज्ञ और स्त्री रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति करने की मांग की है।