पिथौरागढ़। डीडीहाट विधानसभा के 10 गांवों को जोड़ने वाली चमू बैंड और धुरौली कांडा सड़क बदहाल है। लंबे समय से यहां के लोग सड़क को ठीक करने की मांग कर रहे हैं। इसके बाद भी सड़क की मरम्मत नहीं की जा रही है जिससे लोगों में आक्रोश है।
वर्ष 1994 में ग्रामीणों के संघर्ष के बाद सड़क स्वीकृत हुई थी। तब से 29 वर्ष बीत चुके हैं और रखरखाव न होने से यह सड़क बदहाल हो गई है। लोगों का कहना है कि जगह-जगह सुरक्षा दीवारें क्षतिग्रस्त होने बौर बड़-बड़े गड्ढे होने से आवाजाही करने में दिक्कत होती है। सड़क के दोनों ओर बड़ी-बड़ी झाड़ियां उग गई हैं जिससे जंगली जानवरों के हमले का खतरा रहता है।
काड़ा क्षेत्र के प्रसिद्ध हरूसैम मंदिर में नौ जनवरी से बायसी महायज्ञ का आयोजन होना है। इस महायज्ञ में देश-विदेश में सेवाएं दे रहे लोग पूजा में शामिल होने आते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से लोनिवि डीडीहाट से सड़क को ठीक करने की मांग की जा रही है लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हो रही है। ग्रामीण हरीश चंद्र, राम दत्त, काशी राम आदि ने शीघ्र सड़क को ठीक करने की मांग की है।
कोट
सड़क की स्थिति का जायजा लेने के लिए टीम को भेजा जाएगा। स्थिति का आकलन कर सड़क को ठीक करने का कार्य किया जाएगा। - एबी कांडपाल, एसई, लोनिवि, पिथौरागढ़।
तल्ला-मिर्थी ग्राम सभा के लोगों को मिलेगा सड़क का लाभ
20 परिवारों को मिलेगा लाभ
संवाद न्यूज एजेंसी
डीडीहाट (पिथौरागढ़)। डीडीहाट-मिर्थी मोटर मार्ग से तल्ला मिर्थी के लिए एक किमी सड़क विधायक निधि से काटी जाएगी। सड़क कटने से तल्ला मिर्थी के 20 परिवारों को सड़क सुविधा का लाभ मिलने लगेगा। गांव तक सड़क नहीं होने के कारण ग्रामीणों को दिक्कत का सामना करना पड़ता है।
कई वर्षों से तल्ला मिर्थी के ग्रामीण सड़क की मांग कर रहे थे। विधायक बिशन सिंह चुफाल ने विधायक निधि से इस सड़क को मंजूरी दी है। ब्लॉक प्रमुख बबीता चुफाल और पूर्व ब्लाॅक प्रमुख हरेंद्र चुफाल ने सड़क कटिंग का शुभारंभ कर ग्रामीणों की लंबी समय से सड़क निर्माण की मांग को पूरा होने पर बधाई दी। ब्लाॅक प्रमुख ने कहा कि विधायक चुफाल की ओर से डीडीहाट ब्लॉक के कई गांवों को विधायक निधि से सड़क की स्वीकृति प्रदान कर ग्रामीणों को विकास की मुख्य धारा से जोड़ने का काम किया जा रहा हैं। वहां हरीश जोशी, बीडीसी सदस्य मीना मेहता, संजय चुफाल, सुनील कुमार, भाष्कर मेहता, देवेंद्र बिष्ट आदि थे।
कोटमन्या-पांखू सड़क पर होगा हॉटमिक्स
पिथौरागढ़। राज्य योजना के अंतर्गत विधानसभा गंगोलीहाट के कोटमन्या से पांखू की ओर बदहाल पांच किमी सड़क का 516.35 लाख रुपये से सुधारीकरण और हॉटमिक्स का कार्य किया जाएगा। लोनिवि के अधीक्षण अभियंता एबी कांडपाल ने बताया कि सड़क के लिए टेंडर हो गए हैं। शीघ्र सुधारीकरण और हॉटमिक्स का कार्य शुरू किया जाएगा। इस सड़क पर पूर्व में डामर हुआ था जो जगह-जगह उखड़ गया है। इससे वाहन चालकों के साथ ही यात्रियों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। संवाद