धारचूला (पिथौरागढ़)। चीन सीमा से सटे व्यास घाटी के 12,303 फुट की ऊंचाई पर बसे ग्राम कुटी में जियो कंपनी के मोबाइल टावर का कार्य पूरा हो गया है। शनिवार सुबह करीब 11 बजे ग्रामीण और जियो कंपनी के कर्मचारी ने निचली घाटी में रह रहे लोगों से मोबाइल पर बात की। कुटी में मोबाइल की घंटी बजने से ग्रामीणों में खुशी की लहर है।
ग्राम कुटी में संचार सुविधा शुरू होने से आदि कैलाश यात्रियों और सुरक्षा बलों के जवानों के साथ ही स्थानीय लोगों को इसका लाभ मिलेगा। कुटी के होम स्टे संचालक कुंवर सिंह कुटियाल ने कहा कि आज का दिन हमारे लिए ऐतिहासिक है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार का आभार जताते हुए कहा कि व्यास घाटी में सड़क और संचार की सुविधा उपलब्ध हो गई है।
उन्होंने कहा सरकार अगर घाटी में स्वास्थ्य सुविधा भी उपलब्ध करा दे तो माइग्रेशन के दौरान लोगों को काफी राहत मिलेगी। वहीं नाबी के सामाजिक कार्यकर्ता राजेंद्र नबियाल ने बताया कि ग्राम नाबी और गुंजी में जियो के मोबाइल टावर लगे हुए तीन माह से अधिक हो गए है जो अब तक शुरू नहीं हो पाए हैं। उन्होंने दोनों टावर शीघ्र शुरू कर संचार सेवा बहाल करने का अनुरोध किया है। उन्होंने प्रशासन और जियो कंपनी से शीघ्र मोबाइल टावर शुरू करने की मांग की है।
कोट
व्यास घाटी का कुटी गांव शनिवार को संचार सुविधा से जुड़ गया है। ग्राम नाबी और गुंजी में मोबाइल टावर का कार्य पूरा हो चुका है। कुछ तकनीकी कारणों से दोनों गांव में संचार सुविधा शुरू नहीं हो पाई है। दोनों गांवों में संचार सेवा शीघ्र शुरू की जाएगी। - आदित्य विक्रम, इंजीनियर जियो कंपनी।
फोटो 16 पीटीएच 25 पी- धारचूला के व्यास घाटी स्थित कुटी गांव में संचार सुविधा शुरू होने के बाद अपने परिजनों से बात करते जियो कंपनी के इंजीनियर। स्रोत : ग्रामीण
पिथौरागढ़ में ठप रही बीएसएनएल की संचार व्यवस्था
सरकारी और गैर सरकारी कार्यालयों में प्रभावित रहे कामकाज
संवाद न्यूज एजेंसी
पिथौरागढ़। नगर में बीएसएनएल की संचार व्यवस्था बाधित रहने से कामकाज ठप रहे। सर्वाधिक दिक्कतें सरकारी और गैर सरकारी कार्यालयों में कामकाज करने वाले लोगों को उठानी पड़ी।
शनिवार दोपहर 12 बजे से देर शाम तक पिथौरागढ़ नगर के बैंक रोड, एलआईसी कार्यालय, पोस्ट ऑफिस, जिला अस्पताल सहित कई अन्य हिस्सों में संचार सेवा बाधित रही। पांडेगांव और चंडाक स्थित बीएसएनएल के मोबाइल टावर भी बंद रहे। इससे उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। बीएसएनएल के अधिकारियों का कहना है कि कुमौड़ के पास पार्किंग निर्माण में केबल कट गई थी। इस कारण संचार व्यवस्था बाधित रही। उन्होंने बताया कि केबल को जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। जल्द ही सेवा सुचारू कर दी जाएगी।