भारी हिमपात के चलते चौंदास घाटी के गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है। इससे ग्रामीणों को अंधेरे में रात गुजारनी पड़ रही है। जनरेटर में तेल नहीं होने से मोबाइल नेटवर्क भी काम नहीं कर रहा है। इससे ग्रामीण खासे परेशान हैं।
सोसा निवासी जीवन ह्यांकी ने बताया कि पांगू, हिमखोला, सोसा, सिरदांग, सिरखा, रूंग और नारायण आश्रम में करीब एक फुट बर्फबारी हुई है। शुक्रवार शाम चार बजे से इन गांवों में बिजली भी नहीं है।
बिजली नहीं होने के चलते सोसा में बीएसएनएल नेटवर्क भी नहीं है। जनरेटर में तेल नहीं होने से नेटवर्क की समस्या खड़ी हुई है। बिजली नहीं होने पर अक्सर नेटवर्क बंद हो जाता है। क्षेत्र पंचायत सदस्य सिमखोला निवासी कल्पना नबियाल ने बताया कि सिमखोला, बुंगबुंग, जिप्ति, गाला, कुरीला, पस्ती आदि गांवों में भी बीती शाम से बिजली नहीं है। शनिवार को भी बिजली आपूर्ति सुचारु नहीं हो सकी है। बिजली विभाग के जेई पूरन सिंह ने बताया कि लाइनमैन को आपूर्ति सुचारु करने को कहा गया है।