पिथौरागढ़ परिसर में फीस जमा करने के लिए लगी छात्र-छात्राओं की लंबी लाइन। संवाद
- फोटो : PITHORAGARH
पिथौरागढ़। एसएसजे अल्मोड़ा के पिथौरागढ़ परिसर में अस्थायी प्रवेश पाने के लिए छात्र-छात्राओं की लंबी लाइन लग रही है। फीस जमा करने के लिए छात्र-छात्राएं सुबह 10 बजे से लाइन में लग रहे हैं। घंटों खड़े रहने के बाद दोपहर करीब दो बजे उनका नंबर आ रहा है। परिसर में ही बैंक कर्मी फीस जमा कर रहे हैं इससे थोड़ी राहत है।
पिथौरागढ़ परिसर में अस्थायी तौर पर बीए, बीएससी, बीकॉम, एमए, एमकॉम, एमएससी में प्रवेश के लिए छात्र-छात्राएं बुधवार सुबह 10 बजे से लाइन में लगने लगे थे। स्नातक स्तर पर बीए, बीएससी द्वितीय, चतुर्थ सेमेस्टर और पीजी स्तर पर एमए, एमएससी, एमकॉम द्वितीय सेमेस्टर में अस्थायी तौर पर प्रवेश दिए जा रहे हैं।
एसएसजे के नोडल अधिकारी डॉ. हेमचंद्र पांडे बताया कि दो दिन में 1700 छात्र-छात्राओं ने स्नातक और स्नातकोत्तर में प्रवेश लिए हैं। छात्रसंघ चुनाव के मद्देनजर अस्थायी तौर पर प्रवेश दिए जा रहे हैं। चुनाव संपन्न होने के बाद छूटे छात्रों को प्रवेश दिया जाएगा। छात्रों की सुविधा के लिए परिसर में ही बैंक का फीस काउंटर लगाया गया है।
छात्रसंघ चुनाव के लिए उत्साह
पिथौरागढ़। अस्थायी तौर पर प्रवेश ले रहे छात्रों में छात्रसंघ चुनाव को लेकर भी काफी उत्साह है। दो साल बाद हो रहे चुनाव में मतदान को लेकर छात्राएं बेहद उत्साहित हैं। छात्रसंघ के संभावित प्रत्याशी समर्थकों के साथ प्रचार प्रसार में भी जुट गए हैं। बीएससी पांचवीं सेमेस्टर की छात्रा भावना ने बताया कि वह सुबह 11 बजे से प्रवेश शुल्क जमा करने के लिए पहुंची गई थी। डेढ़ बजे जाकर वह काउंटर के करीब पहुंच पाई हैं। उन्होंने कहा कि वह छात्रसंघ चुनाव में मतदान जरूरी करेंगी। छात्रा अनुष्का ने कहा कि वह इस बार महिला प्रत्याशी को मतदान करेंगी। महिला प्रत्याशी को वह अपनी समस्या खुलकर बता सकती हैं। संवाद