स्कूल में एक साथ कई कक्षाओं को पढ़ा रहा शिक्षक
- फोटो : अमर उजाला
उत्तराखंड में सरकारी शिक्षा का स्तर लगातार गिरता जा रहा है। स्कूलों में शिक्षकों की तैनाती न होने से शिक्षण व्यवस्था पटरी से उतर गई है। हालात यह हो गए हैं कि कई कक्षाओं को एक साथ पढ़ाना शिक्षक की मजबूरी हो गई है। राजकीय प्राथमिक विद्यालय कुशमाण में भी हालात कुछ ऐसे ही हैं।
ग्रामीण क्षेत्र के इस सरकारी प्राथमिक स्कूल में विभाग ने मात्र एक शिक्षक सुरेश चंद्र जोशी तैनात किया है। इस शिक्षक पर पांच कक्षाओं के 39 विद्यार्थियों को पढ़ाने का जिम्मा है। कक्षा एक में 8, कक्षा दो में 6, कक्षा तीन में 8, कक्षा चार में 8, कक्षा पांच में 9 बच्चे पढ़ते हैं। पांच कक्षाएं एक शिक्षक पढ़ाए यह संभव नहीं होता। शिक्षक कई कक्षाओं को एक साथ बैठाकर बारी-बारी से उन्हें पढ़ा रहे हैं। जब शिक्षक कक्षा तीन से पांच तक के बच्चों को पढ़ा रहे होते हैं तो कक्षा एक, दो के बच्चे कक्षाओं में खाली बैठे रहते हैं।
इसी शिक्षक पर स्कूल की अन्य व्यवस्थाओं का भी जिम्मा है। बैठकों में प्रतिभाग, स्कूल के काम से बाहर जाने के दिनों स्कूल में पढ़ाई नहीं हो पाती। सामाजिक कार्यकर्ता गोविंद बल्लभ पंत कहते हैं कि एक शिक्षक के भरोसे पांच कक्षाएं छोड़कर विभाग बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहा है। स्कूल भवन जर्जर हो गया है। स्कूल में न तो शिक्षक दिए जा रहे हैं न स्कूल भवन की ही मरम्मत की जा रही है।