नैनीसैनी हवाईपट्टी में देहरादून से विमान से पहुंचे यात्री
- फोटो : अमर उजाला
निर्धारित शेड्यूल के अनुसार बृहस्पतिवार को देहरादून से चार यात्रियों को लेकर राज्य सरकार का विमान यहां नैनीसैनी हवाईपट्टी पर उतरा। यहां से सात यात्रियों को लेकर विमान देहरादून लौट गया। बृहस्पतिवार अपरान्ह 1.10 बजे विमान नैनीसैनी हवाईपट्टी पर उतरा। करीब आधा घंटा यहां रुकने के बाद वह देहरादून चला गया। अब विमान सोमवार यानि दो जनवरी को यहां पहुंचेगा। यहां से देहरादून जाने वाले यात्रियों को अपर जिलाधिकारी मोहम्मद नासिर के यहां पंजीकरण कराना पड़ रहा है। प्रशासन खुद ही वरीयता तय करता है।
एडीएम ने बताया कि विमान सेवा मुफ्त में है। विमान से जाने के लिए सबसे पहले बीमार, बुजुर्ग और महिलाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। बृहस्पतिवार को यहां से देहरादून के लिए दो महिलाएं, दो बच्चे और चार पुुरुष रवाना हुए। एडीएम ने बताया कि विमान निर्धारित शेड्यूल के अनुसार सोमवार को फिर पहुंचेगा।
उन्होंने लोगों से अपील की कि प्रदेश सरकार द्वारा शुरू की गई सेवा का लाभ उठाएं और किसी बीमार, बुजुर्ग को तत्काल देहरादून जाने की जरूरत हो तो वह इसके लिए पंजीकरण करा ले। बृहस्पतिवार को विमान आते समय एडीएम एवं अन्य अधिकारी नैनीसैनी हवाईपट्टी पर मौजूद रहे।