आईपीएल मैचों में सट्टा लगाने वाला एक और सटोरिया शनिवार को पुलिस के हत्थे चढ़ गया। अब तक पुलिस पांच सट्टेबाजों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस का यह अभियान आईपीएल मैचों तक जारी रहेगा। पुलिस अधीक्षक रोशन लाल शर्मा ने सट्टेबाजों को पकड़ने के लिए कई टीमों का गठन किया है। पहली बार पुलिस को इतनी बड़ी कामयाबी मिल रही है।
कोतवाल गणेश सिंह सामंत ने बताया कि आज भाटकोट रोड से एक सट्टेबाज करन सिंह को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 26100 रुपए और सट्टेबाजी के हिसाब वाला रजिस्टर बरामद हुआ है। उन्होंने बताया कि इस व्यक्ति के बारे में पक्की सूचना मिलने पर उपनिरीक्षक महेश कांडपाल, कांस्टेबल सुरेंद्र ढेक और मोहन बोरा ने छापा मारा था। यह व्यक्ति अपनी दुकान में ही सट्टेबाजी का धंधा चला रहा था। आईपीएल मैचों में सट्टेबाजी करने वालों में पुलिस की कार्रवाई से हड़कंप मचा है। बताया गया है कि पिछले वर्षों तक भी यहां आईपीएल मैचों में जमकर सट्टेबाजी होती थी लेकिन सट्टेबाज पुलिस की नजर से बचते रहे।