फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पेयजल संकट को लेकर हिजामं का प्रदर्शन

Wed, 04 May 2016 10:35 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, पिथौरागढ़
विज्ञापन
हिजामं का प्रदर्शन - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
हिंदू जागरण मंच (हिजामं) कार्यकर्ताओं ने बुधवार को जल संस्थान के खिलाफ उग्र प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि नगर में पेयजल वितरण में भारी असमानता की गई है। टुल्लू पंपों का संचालन रोकने में जल संस्थान और प्रशासन पूरी तरह विफल हो गया है। कुछ लोगों को पर्याप्त पानी मिल रहा है, जबकि नगर के अधिकांश लोग पानी के लिए परेशान हैं। पिछले दिनों बैठक में तय किए फैसलों पर अमल लाने में विभाग पूरी तरह विफल हो गया है।
विज्ञापन


हिजामं जिलाध्यक्ष सोनम पांडे के नेतृत्व में एकत्रित कार्यकर्ताओं ने कहा कि जल संस्थान के अधिकारी शिकायतों पर भी ध्यान नहीं देते। टैंकरों से पानी बांटने का दावा किया जा रहा है लेकिन सभी को टैंकरों का पानी नहीं मिल पा रहा है। पानी की लीकेज लाइनों की अब तक मरम्मत नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि पेयजल संकट से निपटने के लिए जितनी भी बैठकें होती हैं उनमें लिए जाने वाले फैसलों को कभी लागू नहीं किया जाता। हिजामं जिला महामंत्री हरीश कुमार ने कहा कि नगर के कृष्णापुरी, टकाना, नया बाजार, ऐंचोली, घंटाकरण में पेयजल की किल्लत हमेशा बनी रहती है।

नगर अध्यक्ष सुरजीत सिंह ने कहा कि यदि तत्काल व्यवस्था में सुधार नहीं लाया गया तो उग्र आंदोलन छेड़ दिया जाएगा। प्रदर्शन में जिला महामंत्री मयूर नागी, जिला मंत्री सुरेश बजरंगी, सचिव सुनील चंद, सभासद सुबोध बिष्ट, रोशन तड़ागी, गोपाल धामी, भास्कर जोशी, लीलाधर जोशी, नकुल जोशी, प्रकाश ठकुराठी, आशीष साहनी, विनय पांडे आदि थे। 
विज्ञापन


बेड़ीनाग में हर व्यक्ति पानी को लेकर परेशान
बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। बेड़ीनाग के हर मोहल्ले एवं गांवों में पेयजल संकट गंभीर होता जा रहा है। जल संस्थान की गोरघटिया पेयजल योजना लगभग विफल हो गई है, इससे नाममात्र का पानी मिल पा रहा है। टैंकरों और पिकअप से पानी वितरण का लोगों को फायदा नहीं मिल पा रहा है, क्योंकि हर इलाके में यह वाहन नहीं पहुंच रहे हैं। सड़क से ज्यादा दूरी पर रहने वालों के लिए आफत लगातार बढ़ रही है। जल संस्थान के अवर अभियंता गजेंद्र सिंह का कहना है कि समस्या के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से सहयोग की अपील की है।

डीडीहाट योजना का एक और स्रोत सूखा
डीडीहाट (पिथौरागढ़)। डीडीहाट नगर के लिए जिन नौ स्रोतों का पानी एकत्र किया जाता था, उनमें से एक स्रोत और सूख गया है। कुल छह स्रोत ऐसे हो गए हैं, जिनसे अब पानी नहीं आ रहा है। नगर में जल संस्थान दो दिन छोड़कर पानी बांट रहा है। संकट से निपटने में सामाजिक संगठन, एसएसबी और आईटीबीपी सहयोग दे रही है। यह लोग लगातार वाहनों और टैंकरों से पानी बांट रहे हैं। जल संस्थान के अधिशासी अभियंता बिलाल यूनुस ने बताया कि स्रोतों का पानी लगातार कम हो रहा है। इस कारण संकट गहरा गया है। उन्होंने कहा कि कुछ संगठन समस्या से निपटने में सहयोग दे रहे हैं। इससे बड़ी राहत मिली है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें