सहकारी समितियों के उप निबंधक आनंद एडी शुक्ल ने बुधवार को निरीक्षण समीक्षा बैठक से अनुपस्थित रहने और विभागीय कार्यों के प्रति लापरवाही बरतने के आरोप में सहायक विकास अधिकारी राजकिशोर और कनालीछीना में तैनात पर्यवेक्षक विक्रम चंद को निलंबित कर दिया। उन्होंने जिला सहायक निबंधक को आदेश दिया कि निलंबन की स्वीकृति के लिए कागजात तत्काल उप निबंधक (प्रशासन) को भेजें। शुक्ल के पास इस समय चंपावत, पिथौरागढ़ और ऊधमसिंह नगर के नोडल अधिकारी का भी चार्ज है।
बुधवार को जिला सहकारी बैंक सभागार में शुक्ल ने सहकारी बैंक के शाखा प्रबंधकों, अपर जिला सहकारी अधिकारियों, सहायक विकास अधिकारियों और राजकीय पर्यवेक्षकों की बैठक ली। बैठक से गैरहाजिर रहने पर दो अधिकारियों के निलंबन के आदेश जारी कर दिए। इसके अलावा उन्होंने जिला सहकारी बैंक की वेबसाइट लांच की। सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि निरीक्षण की पुरानी प्रणाली को छोड़ें और निरीक्षण के लिए निर्धारित प्रारूप पर काम करें।
सहायक विकास अधिकारियों और शाखा प्रबंधकों से कहा गया कि अपने कार्यक्षेत्र की समितियों के माध्यम से पर्यटन, कृषि, च्यूरा, दाल, मसाला आदि का उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रोजेक्ट तैयार करें। प्रशिक्षण के लिए रोस्टर तैयार करने के भी निर्देश दिए। बैठक में जिला सहायक निबंधक एमएस मर्तोलिया, सचिव/महाप्रबंधक एसएस भंडारी, उपमहाप्रबंधक एनएन भट्ट, पीएस खोलिया, कृष्ण सिंह रौंकली, केएस लडवाल, सभी बैंकों के शाखा प्रबंधक तथा अन्य अधिकारी थे।